Bihar: औरंगाबाद में छठ पूजा के दौरान भगदड़, 2 बच्चों की मौत

Bihar: औरंगाबाद में छठ पूजा के दौरान भगदड़, 2 बच्चों की मौत

डिजिटल डेस्क, औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद में छठ पूजा के दौरान भगदड़ मचने से दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की खबर भी है। हादसा देव प्रखंड मुख्यालय स्थित सूर्यकुंड के पास हुआ। भगदड़ की वजह अब तक सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि उम्मीद से ज्यादा भीड़ होने की वजह से अफरातफरी मची है।

पुलिस का कहना है कि मृतक बच्चों की पहचान हो गई है। मृतकों में पटना के बिहटा का एक 6 साल का लड़का है, जबकि हादसे में दूसरी मौत एक छोटी बच्ची की हुई है। ये बच्ची भोजपुर के सहार की रहने वाली है, इसकी उम्र मात्र 18 महीने है। इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है।

पुलिस ने बताया कि छठ पूजा को लेकर देव में मेला लगा था। भगदड़ क्यों मची इसका पता अब तक नहीं चल पाया है, लेकिन ज्यों ही लोगों ने एक-दूसरे को भागते देखा वे भी बिना कारण जाने इधर-उधर भागने लगे और मेला क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने कई घंटों की कोशिश के बाद हालात पर काबू पाया।

बता दें कि इससे पहले साल 2012 में भी छठ पूजा के दौरान बिहार की राजधानी पटना में हादसा हुआ था। इस दौरान बांस के बल्लियों से बना पुल टूट गया था। इसके बाद भगदड़ मचने से 18 लोगों की मौत हो गई थी।

औरंगाबाद जिले के डीएम राहुल रंजन महिवाल और एसपी दीपक बरनवाल ने मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी है। प्रशासन का कहना है कि नियमों के मुताबिक पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।

Created On :   2 Nov 2019 8:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story