सोनिया गांधी बनी रहेंगी कांग्रेस संसदीय दल की नेता, वोटरों को कहा धन्यवाद

सोनिया गांधी बनी रहेंगी कांग्रेस संसदीय दल की नेता, वोटरों को कहा धन्यवाद
हाईलाइट
  • कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह रहे मौजूद
  • पार्टी के सभी 52 लोकसभा सांसदों ने भी लिया हिस्सा
  • फिर से कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की नेता चुनी गईं सोनिया गांधी 

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस ने यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी को फिर से संसदीय दल का नेता चुन लिया है। शनिवार (1 जून) को दिल्ली में कांग्रेस के नवनिर्वाचित लोकसभा सांसदों की पहली बैठक हुई। बैठक में यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह सहित पार्टी के अन्य नेता और सभी 52 लोकसभा सांसद भी मौजूद रहे। इसी बैठक में कांग्रेस संसदीय दल (CPP) के नेता के नाम पर मुहर लगी।

संसद के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में फिर से संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद सोनिया गांधी ने कांग्रेस को वोट करने वालों का धन्यवाद किया। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा- सोनिया गांधी कांग्रेस संसदीय दल की नेता बनी रहेंगी। ये फैसला दिल्ली में चल रही बैठक में हुआ है। सोनिया ने 12 करोड़ वोटरों का आभार व्यक्त किया है। अब सोनिया गांधी लोकसभा का नेता चुनेंगी।

वहीं  संसदीय दल की बैठक में राहुल गांधी ने कहा, हमें मजबूत बने रहना होगा। हम संविधान की रक्षा के लिए और बिना भेदभाव देश के हर नागरिक के लिए लड़ रहे हैं। हमारे 52 सांसद इंच-इंच की लड़ाई लड़ेंगे। बता दें कि 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को कुल 52 सीटें हासिल हुई हैं जिस वजह से सदन में उसके नेता को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी एक बार फिर नहीं मिलेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 16वीं लोकसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे लोकसभा में कांग्रेस के नेता और ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य सचेतक थे। इस बार दोनों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।

Created On :   1 Jun 2019 2:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story