Voter Adhikar Yatra: 'हम इन्हें वोट चोरी नहीं करने देंगे', सासाराम में बीजेपी पर निशाना साधते हुए बोले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी

हम इन्हें वोट चोरी नहीं करने देंगे, सासाराम में बीजेपी पर निशाना साधते हुए बोले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
  • सासाराम पहुंचे राहुल गांधी और लोगों को किया संबोधित
  • सासाराम में मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी दिया बयान
  • लालू यादव भी दिखे अपने पुराने अंदाज में

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की 'वोट अधिकार यात्रा' शुरू हो गई है। उन्होंने सासाराम पहुंचकर लोगों को संबोधित किया है और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने बताया है कि कैसे वोट चोरी हुआ है और वे ऐसा और नहीं होने देंगे। उनकी इस यात्रा में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ अन्य कांग्रेस के अहम मंत्री शामिल हुए हैं। इसके अलावा आरजेडी नेता लालू यादव और तेजस्वी यादव भी शामिल हुए हैं और प्रतिक्रिया दी है। बता दें, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में जन-जागरूकता के उद्देश्य से ये मत अधिकार रैली निकाली जा रही है। 16 दिनों की इस यात्रा में तीन दिन ब्रेक 20, 25, 31 अगस्त को विराम रहेगा।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा है कि, 'यह संविधान बचाने की लड़ाई है। पूरे भारत में RSS और भाजपा संविधान को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी और भाजपा हर चुनाव जीतते हैं। लोकसभा में, हमारा गठबंधन महाराष्ट्र में जीतता है, और 4 महीने बाद, उसी महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन जीतता है। जब हमने थोड़ी जांच की, तो हमें पता चला कि लोकसभा चुनाव के बाद, चुनाव आयोग ने जादुई रूप से महाराष्ट्र में 1 करोड़ नए मतदाता बनाए। लोकसभा और विधानसभा में 1 करोड़ मतदाताओं का अंतर था। जहां भी ये नए मतदाता आते हैं, भाजपा वहां जीतती है।'

राहुल गांधी ने जांच के बारे में दी प्रतिक्रिया

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, 'जब हमने जांच की, सभी रिकॉर्ड निकाले गए, तो हमें पता चला कि कर्नाटक में एक विधानसभा में एक लाख से अधिक वोट चुराए गए थे और इन वोटों के कारण, भाजपा ने कर्नाटक में लोकसभा सीट जीती। जब हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह कहा, तो चुनाव आयोग ने हमसे हलफनामा मांगा। भाजपा के लोगों से हलफनामा नहीं मांगा जाता है। यह उनका(चुनाव आयोग) डेटा है, उनके आंकड़े हैं लेकिन वे मुझसे हलफनामा मांग रहे हैं। हमने उनसे सीसीटीवी फुटेज मांगी लेकिन उन्होंने मना कर दिया।'

'हम इन्हें ये चोरी नहीं करने देंगे'- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने निशाना साधते हुए कहा है कि, 'पूरे हिंदुस्तान में विधानसभा के चुनाव, लोकसभा के चुनाव चोरी किए जा रहे हैं और इनकी आखिरी साजिश है कि बिहार में SIR करके नए वोटरों को जोड़कर, वोटरों को काटकर ये बिहार का चुनाव चोरी करें। हम इन्हें ये चुनाव चोरी नहीं करने देंगे।'

मल्लिकार्जुन खड़गे ने दी प्रतिक्रिया

मल्लिकार्जुन खड़गे ने वोट चोरी को लेकर कहा है कि, 'बिहार लोकशाही की जन्मभूमि है। राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा सासाराम से शुरू हो रही है। यह यात्रा 16 दिनों में 20 जिलों से होकर 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसका समापन 1 सितंबर को ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा। तेजस्वी यादव और तमाम नेता इसमें हिस्सा लेंगे। आप अपने हित में, देश हित में, संविधान बचाने के लिए की जा रही इस यात्रा का समर्थन करें।'

तेजस्वी यादव ने कार्यक्रम में दिया बयान

तेजस्वी यादव ने वोटर अधिकार यात्रा के कार्यक्रम में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि, 'लालू और लोहिया हमेशा कहते रहे हैं कि 'वोट का राज मतलब छोट का राज'। भाजपा वाले जो काम खुद नहीं कर पा रहे हैं, वो काम चुनाव आयोग से करवा रहे हैं, यानी वो आपसे आपका अधिकार छीन रहे हैं।'

वोटर अधिकार यात्रा पर लालू यादव ने अपनाया पुराना अंदाज

वोटर अधिकार यात्रा पर आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने कहा है कि, 'चोरो को हटाएं, भाजपा को भगाएं, और हमें जिताएं। किसी भी कीमत पर भाजपा को सत्ता में मत आने दीजिए। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, मल्लिकार्जुन खरगे और आप सभी एक हो जाएं, इन्हें उखाड़कर फेंक दें, लोकतंत्र बचाएं।'

यह भी पढ़े -‘द बंगाल फाइल्स’ में अनुपम खेर बने महात्मा गांधी, ये कलाकार भी पर्दे पर निभा चुके हैं ‘बापू’ का किरदार

Created On :   17 Aug 2025 3:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story