बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 'हम वोट बटोर रहे और वो मछली पकड़ रहे..', रवि किशन का राहुल गांधी पर निशाना

हम वोट बटोर रहे और वो मछली पकड़ रहे.., रवि किशन का राहुल गांधी पर निशाना

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार चुनाव के नजदीक आते ही नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा बेगूसराय के एक तालाब में मछली पकड़ने पर भाजपा सांसद रवि किशन ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एनडीए के लोग जनता का एक-एक वोट पाने के लिए उनके पास पहुंच रहे हैं, वहीं राहुल गांधी तालाब में मछली पकड़ रहे हैं।

'जितनी मछली पकड़ीं..उससे भी कम वोट मिलेंगे'

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान रवि किशन ने कहा कि 2 नवंबर को राहुल गांधी ने जितनी मछलियां पकड़ीं, उससे भी कम वोट उन्हें मिलेंगे। यह वाकई मजेदार है, लेकिन ठीक है, चलिए इसकी सराहना करते हैं कि राहुल गांधी का तैरने का तरीका काफी मनोरंजक था और सभी ने इसका आनंद लिया। जब वे मछली पकड़ने में व्यस्त थे, हम वोट बटोर रहे थे, घर-घर जा रहे थे और हर नागरिक से मिलकर उनका समर्थन मांग रहे थे।

रवि किशन ने कहा कि पीएम मोदी गुरु गोबिंद सिंह की जन्मस्थली पर गए। भाजपा विकास के कार्यों के लिए जनता के बीच एक-एक वोट के लिए समर्थन मांगती है, नया घोषणा पत्र दिखाती है। उन्होंने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के घोषणा पत्र से बिहार नई छलांग लेगा। नए घोषणा पत्र ने बिहार के लोगों को नई ऊर्जा दी है। बिहार जैसा पहले था, अब दोबारा अपने स्वरूप में आएगा। इसी वजह से वोटों में बड़ा उछाल आया है।

'उनको न जलेबी रास आती है और न मछली'

राहुल गांधी के मछली पकड़ने वाले मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इससे पहले हरियाणा में जलेबी बनाने और बांटने का काम किया था। उस वक्त क्या हुआ था? महागठबंधन के लोगों को न जलेबी रास आती है और न मछली।

Created On :   3 Nov 2025 12:52 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story