आज दुनियाभर में मनाया जा रहा योग दिवस, पीएम मोदी ने रांची में किया योग

आज दुनियाभर में मनाया जा रहा योग दिवस, पीएम मोदी ने रांची में किया योग
हाईलाइट
  • पीएम मोदी ने कहा- योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं
  • रांची के प्रभात तारा मैदान में हजारों लोगों के साथ पीएम मोदी ने किया योग

डिजिटल डेस्क, रांची। आज 21 जून को दुनियाभर में 5वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2019 के लिए थीम क्लाइमेट एक्शन है। योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड की राजधानी रांची में योग किया। रांची के प्रभात तारा मैदान में करीब 35 हजार से ज्यादा लोगों के साथ पीएम मोदी ने योग किया। बता दें कि, आज देश भर में लगभग 13 करोड़ लोग अलग-अलग जगहों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।

रांची में योग दिवस के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित किया। पीएम ने कहा, आज देश-दुनिया के अनेक हिस्सों में लाखों लोग योग दिवस मना रहे हैं। आज हम ये कह सकते हैं कि, भारत में योग के प्रति जागरूकता हर कोने, हर वर्ग तक पहुंची है। ड्रॉइंग रूम से बोर्ड रूम्स तक, शहरों के पार्क से लेकर स्पोर्ट कॉम्पलेक्स तक आज चारों तरफ योग को अनुभव किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। पीएम ने कहा, अब आधुनिक योग की यात्रा शहरों से गांवों की तरफ ले जाना है, गरीब और आदिवासी के घर तक ले जाना है। योग को गरीब और आदिवासी के जीवन का भी अभिन्न हिस्सा बनाना है। क्योंकि ये गरीब ही है जो बीमारी की वजह से सबसे ज्यादा कष्ट पाता है।

पीएम ने कहा, योग अनुशासन है, समर्पण हैं और इसका पालन जीवन भर करना होता है। योग आयु, रंग, जाति, संप्रदाय, मत, पंथ, अमीरी-गरीबी, प्रांत, सरहद के भेद से परे है। योग सबका है और सब योग के हैं। आज के बदलते हुए समय में Illness से बचाव के साथ-साथ Wellness पर हमारा फोकस होना जरूरी है। यही शक्ति हमें योग से मिलती है, यही भावना योग की है, पुरातन भारतीय दर्शन की है। योग सिर्फ तभी नहीं होता जब हम आधा घंटा जमीन या मैट पर होते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने योग के फायदे बताते हुए कहा, अपने योग के ज्ञान को फोन के सॉफ्टवेयर की तरह अपडेट करें। रांची में पीएम मोदी के साथ झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाईक और झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने भी योग किया।

Created On :   21 Jun 2019 2:10 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story