35 दिन, 160 बार सीजफायर उल्लंघन और 12 जवान भी शहीद

Pakistan violates ceasefire in 160 times within 35 days, 12 martyrs
35 दिन, 160 बार सीजफायर उल्लंघन और 12 जवान भी शहीद
35 दिन, 160 बार सीजफायर उल्लंघन और 12 जवान भी शहीद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हमारा पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ समय से पाकिस्तान आए दिन सीजफायर का वॉयलेशन करते आ रहा है। इस सीजफायर में भारत के कई जवानों को अपनी जान गंवानी पड़ी, वहीं बॉर्डर से सटे हुए गांवों में लोग डर कर जीने को मजबूर हैं। रविवार को पाकिस्तान ने बॉर्डर पर एक बार फिर गोलीबारी की। इस फायरिंग में इंडियन आर्मी के 4 जवान शहीद हो गए, जिसमें 23 साल के कैप्टन कपिल कुंडू भी शामिल हैं। जवाब में भारत की तरफ से भी फायरिंग की गई, जिसमें पाकिस्तान की कई चेक पोस्ट तबाह हो गई।


पाक फायरिंग में 4 जवान शहीद

लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) के पास राजपुरा सेक्टर में रविवार तो पाकिस्तानी आर्मी की तरफ से की गई फायरिंग में इंडियन आर्मी के 4 जवान शहीद हो गए हैं। रविवार रात से ही राजौरी के नौशेरा इलाके में पाक आर्मी की तरफ से फायरिंग जारी है। तनाव की वजह से 84 स्कूलों को 3 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने घात लगाकर एंटी-गाइडेड मिसाइलें दागनी शुरू कर दी। इस फायरिंग में इंडियन आर्मी के कैप्टन कपिल कुंडु, हवलदार रोशन लाल, रायफल मैन शुभम सिंह और राम अवतार शहीद हो गए। इनके अलावा 2 जवानों के घायल होने की भी खबर है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

2014 से अब तक 275 जवान शहीद

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान की तरफ से सीमा पर आए दिन सीजफायर वॉयलेशन किया जा रहा है, जिसमें 2014 से अब तक 275 जवान शहीद हो चुके हैं। 2014 में पाकिस्तानी फायरिंग में 51 जवान शहीद हुए थे, जबकि 2015 में 41 जवान शहीद हुए। इसके साथ ही 2016 में सिक्योरिटी फोर्सेस ने अपने 88 जवानों को गंवा दिया। साल 2017 में पाकिस्तान ने 860 से ज्यादा बार सीजफायर वॉयलेशन किया, जिसमें 83 जवान शहीद हुए। वहीं 2018 में अब तक पाकिस्तान 160 से ज्यादा बार सीजफायर वॉयलेशन कर चुका है, जिसमें 4 फरवरी तक 12 जवान शहीद हो गए हैं।

2014 से अब तक 616 आतंकियों को मारा

वहीं पाकिस्तानी फायरिंग का जवाब देने और आतंकियों को मौत के घाट उतारने में भी भारत ने कोई कमी नहीं छोड़ी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2014 से अब तक भारत ने 616 आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया। भारत ने 2017 में "ऑपरेशन ऑलआउट" के तहत सबसे ज्यादा 218 आतंकियों को मार गिराया। 2014 में भारत ने जहां 110 आतंकियों को मारा, वहीं 2015 में 113 आतंकियों को ढेर कर दिया। 2016 में भारत ने 165 आतंकियों को मौत के घाट उतारा, जबकि 2018 में अब तक 10 आतंकियों को मारा जा चुका है।

4 फरवरी 2018 तक 12 जवान शहीद

भारत के लिए बुरी खबर ये है कि नए साल को शुरू हुए अभी 2 महीने भी नहीं हुए हैं और भारत ने अपने 12 जवानों को खो दिया है। LOC पर पाकिस्तानी फायरिंग के कारण 4 फरवरी 2018 तक भारत के 12 जवान शहीद हो चुके हैं। इसके साथ ही इस साल अब तक कई आम नागरिकों की भी मौत हो चुकी है, जबति 70 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं।

1. 13 जनवरी 2018 : लांस नायक मुरलीधर भडाने शहीद
2. 19 जनवरी 2018 : लांस नायर सैम अब्राहम शहीद
3. 20 जनवरी 2018 : सिपाही मनदीप सिंह शहीद
4. 20 जनवरी 2018 : चंदन कुमार राय शहीद
5. 24 जनवरी 2018 : नायक जगदीश प्रसाद शहीद
6. 2 फरवरी 2018 : हवलदार कमलेश सिंह शहीद
7. 2 फरवरी 2018 : नायक बलवीर शहीद
8. 2 फरवरी 2018 : सिपाही राजेंद्र सिंह गुर्जर शहीद
9. 4 फरवरी 2018 : कैप्टन कपिल कुंडु शहीद
10. 4 फरवरी 2018 : हवलदार रोशन लाल शहीद
11. 4 फरवरी 2018 : रायफल मैन शुभम सिंह शहीद
12. 4 फरवरी 2018 : रायफल मैन राम अवतार शहीद

PAK के फायर का जवाब अनगिनत गोलियों से दे : राजनाथ सिंह

वहीं पाकिस्तान की तरफ से जारी फायरिंग पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ा बयान दिया है। राजनाथ सिंह ने अगरतला में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि "एक पड़ोसी के तौर पर हम पाकिस्तान की तरफ पहली गोली नहीं चलाएंगे, क्योंकि हम अमन चाहते हैं। लेकिन ये दुख की बात है कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में हमारी सेना पर हमले कर रहा है। इसलिए मैंने सेना को बिल्कुल साफ आदेश दिया है और उनसे कहा है कि अगर पाकिस्तान की तरफ से एक भी गोली चलती है, तो आप उनपर इतनी गोलियां चलाइए कि वो गिन भी ना सकें।"

Created On :   5 Feb 2018 6:33 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story