अहमदाबाद में बेहोश मिले प्रवीण तोगड़िया, अस्पताल में भर्ती

Pravin Togadia found unconscious in Shahi Bagh of Ahmedabad
अहमदाबाद में बेहोश मिले प्रवीण तोगड़िया, अस्पताल में भर्ती
अहमदाबाद में बेहोश मिले प्रवीण तोगड़िया, अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। सोमवार शाम को विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया अहमदाबाद के शाही बाग में बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तुरंत अहमदाबाद के चंद्रमणी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह से उनके लापता होने की खबरें थी। बताया जा रहा था कि वे सुबह 10.45 बजे आखिरी बार देखे गए थे। उन्हें कार्यालय से ऑटो से जाते हुए देखा गया था।

डॉक्टर ने बताया कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया तब वे बेहोश थे। 108 एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल लाया गया। अभी भी उनकी हालात सामान्य नहीं हुई है। डॉक्टर ने बताया कि शुगर लेवल कम होने की वजह से वे बेहोश हो गए थे।

 

 


 

राजस्थान पुलिस गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी

इससे पहले राजस्थान के एक पुराने मामले में प्रवीण तोगड़िया को गिरफ्तार करने सोमवार को अहमदाबाद पहुंची पुलिस टीम को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही तोगड़िया कार्यालय से निकल गए थे। सुबह से चल रहे इस घटनाक्रम में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं का कहना था कि उनके नेता प्रवीण तोगड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बात हो लेकर विहिप कार्यकर्ता सुबह से पूरे अहमदाबाद में हंगामा कर रहे थे।

 

 

तोगड़िया की तलाश में जुटी थी पुलिस

इस मामले में अहमदाबाद के जॉइंट पुलिस कमिश्नर जेके भट्ट ने कहा था कि तोगड़िया को न गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है और न राजस्थान पुलिस ने। फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है। तोगड़िया की गिरफ्तारी की अफवाहों को समाप्त करने के लिए अहमदाबाद पुलिस क्राइम ब्रांच ने सोमवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेके भट्ट ने बताया था कि अब तक प्रवीण तोगड़िया की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस गिरफ्तारी वारंट लेकर तोगड़िया को पकड़ने पहुंची थी लेकिन उससे पहले ही वे फरार हो गए। उन्होंने बताया था, "तोगड़िया की तलाश में चार टीमें लगी हुई हैं। वह वीएचपी के रणछोड़भाई भारवाड़ और दूसरे कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क में भी है।"

 

तोगड़िया के समर्थन में जारी रहे प्रदर्शन

पुलिस ने इसके साथ ही वीएचपी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील भी की थी। दरअसल, इस घटना के बाद से विहिप कार्यकर्ता अहमदाबाद समेत गुजरात के कई हिस्सों में प्रदर्शन कर रहे थे। कार्यकर्ता दोनों राज्यों की सरकार व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तोगड़िया को जल्द सामने लाने की मांग कर रहे थे। कुछ विहिप नेताओं ने तो तोगड़िया के एनकाउन्टर की भी आशंका जताई थी।

बता दें कि प्रवीण तोगड़िया राजस्थान के गंगापुर में सरकारी अधिसूचना के उल्लंघन के दस साल पुराने मामले में गिरफ्तारी वारंट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने गंगापुर में प्रशासन के आदेश की अवहेलना करते हुए सार्वजनिक कार्यक्रम में भड़काऊ भाषण दिया था। इस मामले में गंगापुर पुलिसथाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज है। इस सिलसिले में गंगापुर पुलिस गिरफ्तारी वारंट लेकर सोमवार सुबह अहमदाबाद पहुंची थी।

Created On :   15 Jan 2018 4:51 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story