UP कैबिनेट विस्तार: योगी कैबिनेट में शामिल हुए 4 मंत्री, ओपी राजभर के अलावा RLD नेता को भी मंत्रिमंडल में किया गया शामिल

योगी कैबिनेट में शामिल हुए 4 मंत्री, ओपी राजभर के अलावा RLD नेता को भी मंत्रिमंडल में किया गया शामिल
  • उत्तर प्रदेश में हुआ कैबिनेट विस्तार
  • 4 नए नेताओं को मंत्रिमंडल में किया गया शामिल
  • योगी सरकार में कुल मंत्रियों की संख्या हुई 22

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कैबिनेट विस्तार हो गया है। अब योगी सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या 22 हो गई है। राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर, राष्ट्रीय लोकदल के नेता अनिल कुमार, भारतीय जनता पार्टी के नेता दारा सिंह चौहान और सुनील कुमार शर्मा को मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौजूद थे। कैबिनेट विस्तार से ठीक पहले SBSP के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा, 'ये बड़ी ज़िम्मेदारी है। प्रदेश में गरीब, दलित, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार कटिबद्ध है।'

वहीं, मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद SBSP प्रमुख ओपी राजभर ने कहा, "गरीबों की सेवा का जो लक्ष्य है उसमें हम अनवरत काम करते रहते हैं। सरकार की जो भी योजनाएं हैं उसे हम गरीब और कमजोर लोगों तक पहुंचाने का हम काम करेंगे, उन्हें न्याय दिलाने का काम करेंगे।"

बता दें कि, बीते कई महीने से ओपी राजभर मंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर नाराज चल रहे थे। पिछले साल ही वह एक बार फिर बीजेपी में शामिल हुए थे। इससे पहले वह सपा के साथ थे। हालांकि, एनडीए में उनकी वापसी घर वापसी के तौर पर देखा जा रहा है।

डिप्टी सीएम ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश कैबिनेट विस्तार पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "आज 4 कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली है मैं उन्हें बधाई देता हूं। उत्तर प्रदेश की 80 की 80 लोकसभा सीटें हम जीतेंगे।"

शपथ लेने के बाद क्या कहे नेता?

शपथ लेने के बाद RLD विधायक अनिल कुमार ने कहा, "मेरे लिए यह बहुत खुशी का पल है। मैं पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी, प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करता हूं। लोकसभा चुनाव में सब मजबूती से लड़ेंगे।" शपथ लेने के बाद भाजपा नेता दारा सिंह चौहान ने कहा, "आज जो जिम्मेदारी मिली है उसका ईमानदारी से निर्वहन करूंगा। मैं इस क्षण के लिए पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करता हूं।"

Created On :   5 March 2024 12:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story