'केंद्र' पर विपक्ष का निशाना: 'डरा हुआ तानाशाह, मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है...' CM केजीरवाल की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी ने PM मोदी को घेरा

डरा हुआ तानाशाह, मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है... CM केजीरवाल की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी ने PM मोदी को घेरा
  • केंद्र सरकार पर बरसे राहुल गांधी
  • शराब नीति मामले में सीएम केजरीवाल हुए गिरफ्तार
  • कल सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 'आप' प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार हो गए हैं। जिस पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि डरा हुआ तानाशाह एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज़ करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। INDIA इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।"

दूसरे मुख्यमंत्री को भी जेल ले जाने की तैयारी- प्रियंका

इस मामले पर प्रियंका गांधी ने भी केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "चुनाव के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस तरह टार्गेट करना एकदम गलत और असंवैधानिक है। राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री जी को शोभा देता है, न उनकी सरकार को। अपने आलोचकों से चुनावी रणभूमि में उतरकर लड़िये, उनका डटकर मुकाबला करिए, उनकी नीतियों और कार्यशैली पर बेशक हमला करिए - यही लोकतंत्र होता है। मगर इस तरह देश की सारी संस्थाओं की ताकत का अपने राजनीतिक मकसद को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करना, दबाव डालकर उन्हें कमज़ोर करना लोकतंत्र के हर उसूल के खिलाफ है।"

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, "देश के विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिये गये हैं, तमाम राजनीतिक दलों और उनके नेताओं पर ED, CBI, IT का दिन रात दबाव है, एक मुख्यमंत्री जेल में डलवा दिये गये हैं, अब दूसरे मुख्यमंत्री को भी जेल ले जाने की तैयारी हो रही है। ऐसा शर्मनाक दृश्य भारत के स्वतंत्र इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है।"

अखिलेश का हमला

वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, " जो ख़ुद हैं शिकस्त के खौफ में कैद ‘वो’ क्या करेंगे किसी और को क़ैद भाजपा जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ़्तारी एक नयी जन-क्रांति को जन्म देगी।"

तेजस्वी का बयान

दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने पर बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा, "दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल जी की गिरफ़्तारी से साफ ज़ाहिर है कि विपक्ष से लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की बजाय बीजेपी जाँच एजेंसियों एवं अन्य संवैधानिक संस्थानों की आड़ और पुरजोर मदद से चुनाव लड़ना चाहती है। राजनैतिक, लोकतांत्रिक व संवैधानिक नैतिकता एवं मर्यादाओं को NDA सरकार ने तार-तार कर देश पर अघोषित आपातकाल थोप दिया है। हम सभी मज़बूती से दिल्ली के लोगों की अति लोकप्रिय सरकार के साथ खड़े हैं। जैसा की हम सब ने पटना व मुंबई से खुल कर ऐलान किया था - हम डरने वाले नहीं बल्कि लड़ कर जीतने वाले लोग हैं।"

Created On :   21 March 2024 6:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story