INDIA Bloc Meeting: इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद BJP की आई पहली प्रतिक्रिया, विपक्षी नेताओं की मीटिंग पर कसा तंज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को हुई इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों की इस बैठक पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि देश की जनता ने विपक्ष को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पाखंड को देश देख रहा है। बीजेपी सांसद ने कहा, पहले यही सब बैठक स्टेडियम में होती थी, धीरे-धीरे वह अब कांस्टीट्यूशन क्लब के एक कमरे में होती है। आज भी एक बैठक हुई और मल्लिकार्जुन खरगे ने कुछ देर पहले मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि SIR हुआ, वोट चोरी हुई।'
यह भी पढ़े -बिहार में RJD को लगा बड़ा झटका, पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने दिया इस्तीफा, फूट-फूटकर रोए
इंडिया गठबंधन की बैठक पर बीजेपी ने साधा निशाना
संबित पात्रा ने कहा, "दो अच्छे लड़के बने थे। साइकिल पर चढ़कर चले थे। क्या हाल हुआ उनका। बंगाल में ममता बनर्जी का क्या हुआ? अखिलश यादव आज बहुत तकलीफ में बैठे हुए थे। वो सोच रहे थे कि मेरी भी हालत कुछ महीनों में ऐसे ही हो जाएगी। वो तो तीसरी या चौथी मीटिंग में पता चलेगा। उस समय तो कार के अंदर की मीटिंग हो जाएगी।"
संबित पात्रा ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "SIR तो केरलम, तमिलनाडु में भी हुआ, तमिलनाडु में तो आपने दूसरी पार्टी के साथ सरकार बना ली। वहां तो सहयोगी ही चोरी हो गया। केरलम में सरकार बन गई तो SIR को कोस नहीं रहे। बंगाल में हार गए तो SIR को दोष दे रहे हैं। यह जो पाखंड की हद है वह देश देख रहा है। अगर सही मायने में कुछ चोरी हुआ है तो INDI गठबंधन वालों का वजूद चोरी हुआ है, आज धरातल पर इनमें से किसी दल का कोई वजूद नहीं है। इन लोगों को पहले आपस में बैठक करनी चाहिए, TMC को आपस में बैठक करनी चाहिए। वहां अशोक गहलोत कांग्रेस के तथाकथित हाईकमान को सुना रहे हैं।"
यह भी पढ़े -असम में 354 चाय बागान अस्पतालों को किया जा रहा अपग्रेड, 200 आयुष्मान आरोग्य मंदिर तैयार सीएम
संबित पात्रा ने अशोक गहलोत को लेकर कही ये बात
बीजेपी नेता ने आगे कहा, "अशोक गहलोत के मन में जो आ रहा है वो कांग्रेस के तथाकथित आलाकमान को सुना रहे हैं। उसके बाद ये इंडी गठबंधन का जो ड्रामा चल रहा है बैठक का इससे क्या हासिल होगा। खरगे जी ने कहा कि हर दो महीने में हमारा बैठक होगा। हर तीसरे महीने के चुनाव हारेंगे और दूसरे महीने इनकी एक बैठक होगी। राहुल गांधी ने चुनाव हारने में शतक लगाया है। शतक लगाकर आज ऐसे मुस्कुरा रहे थे जैसे बहुत बड़ा दुर्ग फतह करके आए हैं।"
Created On :   8 Jun 2026 8:56 PM IST











