मध्य प्रदेश न्यूज: नशे पर अमित शाह का बड़ा प्लान, 31 दिसंबर 2029 तक MP को नारकोटिक्स मुक्त करने का लक्ष्य

नशे पर अमित शाह का बड़ा प्लान, 31 दिसंबर 2029 तक MP को नारकोटिक्स मुक्त करने का लक्ष्य
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को भोपाल में नई न्याय संहिता की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को भोपाल में नई न्याय संहिता की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नई न्याय व्यवस्था पूरी तरह लागू होने के बाद देश का क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम दुनिया के सबसे आधुनिक सिस्टम में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि पहले न्याय व्यवस्था 'तारीख पर तारीख' के लिए जानी जाती थी, लेकिन अब समयबद्ध न्याय पर जोर दिया जा रहा है।

अमित शाह ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत कोई व्यक्ति एफआईआर दर्ज कराता है तो तीन वर्ष के भीतर दोषी को सजा दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने अपनी सरकार बचाने के लिए कानून बनाए थे, जबकि नए कानून भारत के नागरिकों के सम्मान, संपत्ति और शरीर की रक्षा के लिए हैं। इसका मूल मंत्र दंड नहीं, बल्कि न्याय है।

2029 तक MP को नशामुक्त करने का लक्ष्य

अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री और गृह विभाग के साथ उनकी बैठक होने वाली है, जिसमें मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने की विस्तृत योजना पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि 31 दिसंबर 2029 से पहले मध्यप्रदेश नारकोटिक्स से मुक्त हो जाए। उन्होंने प्रदेश के अभिभावकों, खासकर माताओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इसके बाद युवाओं के लिए प्रदेश में नशे की जगह नहीं होगी और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में काम किया जाएगा।

50 लाख लीटर दूध उत्पादन लक्ष्य में केंद्र साथ

गौपालक सम्मेलन में अमित शाह ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गोपालकों के हित में लिए गए फैसलों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री और पूरी टीम को बधाई दी।

शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रतिदिन 50 लाख लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य घोषित किया है। यह लक्ष्य कठिन जरूर है, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसे हासिल करने के लिए केंद्र सरकार मध्यप्रदेश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी। उन्होंने सम्मेलन में मौजूद सभी गोपालक भाई-बहनों को शुभकामनाएं भी दीं।

Created On :   3 Oct 2026 5:00 PM IST

Tags

Next Story