पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: हुमायूं कबीर को बड़ा झटका, AIMIM ने AJUP के साथ तोड़ा गठबंधन, क्या वायरल वीडियो बनी फूट की वजह

हुमायूं कबीर को बड़ा झटका, AIMIM ने AJUP के साथ तोड़ा गठबंधन, क्या वायरल वीडियो बनी फूट की वजह
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले हुमायूं कबीर की पार्टी को बड़ा झटका लगा है। एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने हुमांयू कबीर की पार्टी के साथ गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले हुमायूं कबीर की पार्टी को बड़ा झटका लगा है। एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने हुमांयू कबीर की पार्टी के साथ गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है। ओवैसी ने साफ तौर पर कहा कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेगी। इस बात की जानकारी उनकी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। बता दें, एआईएमआईएम ने यह फैसला ऐसे समय में लिया जब हुमायूं कबीर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बंगाल चुनाव से पहले ओवैसी ने हुमायूं कबीर से साथ तोड़ा गठबंधन

एक्स पर एआईएमआईएम ने अपने आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट लिखा। इस पोस्ट में पार्टी ने लिखा, " हुमायूं कबीर के खुलासों ने बंगाल के मुसलमानों की असुरक्षा को उजागर किया है। एआईएमआईएम ऐसे किसी भी बयान का समर्थन नहीं कर सकती, जिससे मुसलमानों की गरिमा पर सवाल उठे। आज से एआईएमआईएम ने कबीर की पार्टी से अपना गठबंधन वापस ले लिया है। बंगाल के मुसलमान सबसे गरीब, उपेक्षित और शोषित समुदायों में से एक हैं। दशकों के धर्मनिरपेक्ष शासन के बावजूद उनके लिए कुछ नहीं किया गया है। किसी भी राज्य में चुनाव लड़ने के संबंध में पार्टी की नीति यही है कि हाशिए पर पड़े समुदायों को एक स्वतंत्र राजनीतिक आवाज मिले। हम बंगाल चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेंगे और आगे किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।"

बता दें, सोशल मीडिया पर हुमायूं कबीर का एक कथित वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के आने से बाद पश्चिम बंगाल के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। इस वीडियो में हुमायूं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से संबंध होने और विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराने के प्रयासों का कथित तौर पर दावा करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे शेयर किया और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पीएमओ के साथ कबीर की कथित नजदीकी के दावों की ईडी से जांच की मांग की।

पश्चिम बंगाल में हुमायूं कबीर के कथित वीडियो पर बवाल

वीडियो में, कबीर को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा रहा है कि वह बनर्जी को सत्ता से हटाने के लिए 'किसी भी हद तक' जाने को तैयार हैं और वह शुभेंदु अधिकारी सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं। पिछले साल के अंत में तृणमूल से निलंबित किए जाने के कुछ दिनों बाद 'आम जनता उन्नयन पार्टी' की स्थापना करने वाले कबीर के बारे में यह भी कहा जा रहा है कि उन्होंने पीएमओ से संपर्क किया था और उन्हें भाजपा शासित अन्य राज्यों के नेताओं के साथ तालमेल बिठाने की सलाह दी गई थी।

वीडियो में कथित तौर पर कबीर यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि उनकी रणनीति सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से अल्पसंख्यक वोटों को अपने पक्ष में करने के इर्द-गिर्द केंद्रित है, जिससे यह संकेत मिलता है कि इस तरह के बदलाव से भाजपा को चुनावी रूप से फायदा हो सकता है। उन्होंने कथित तौर पर इस रणनीति को सभी निर्वाचन क्षेत्रों में लागू करने के लिए करोड़ों रुपये की आवश्यकता का उल्लेख किया है।

Created On :   10 April 2026 9:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story