केरल नगर निगम चुनाव नतीजे 2025: 'मैं तिरुवनंतपुरम में बीजेपी के ऐतिहासिक प्रदर्शन...' कांग्रेस सांसद शशि थरूर की आई प्रतिक्रिया सामने

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरल के स्थानीय नगर निकाय चुनाव के नतीजों की स्थिति अब काफी स्पष्ट हो गई है। इस चुनाव में कांग्रेस गठबंधन UDF ने बढ़त हासिल की है। इस बीच, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने खुशी जाहिर की और गठबंधन को बधाई दी है। लेकिन कांग्रेस सांसद के गढ़ में एनडीए ने सत्ता पर कब्जा किया है। यहां पर 45 सालों तक वाम लोकतांत्रिक मोर्चा पार्टी (LDF) की सरकार रही है।
यह भी पढ़े -कांग्रेस सांसद शशि थरूर के इलाके में बीजेपी को मिली बड़ी जीत, चालीस साल से काबिज LDF को मिली मात
कांग्रेस सांसद ने दी ये प्रतिक्रिया
शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "केरल स्थानीय निकाय चुनावों में कितने शानदार नतीजे आए हैं! जनादेश साफ है। इसमें राज्य की लोकतांत्रिक भावना साफ झलकती है। यूडीएफ केरल को इस प्रभावशाली जीत के लिए बधाई। पार्टी को अच्छा खासा समर्थन मिला है। राज्य में विधानसभा चुनावों से पहले शक्तिशाली संकेत हैं। कड़ी मेहनत, एक मजबूत संदेश और सत्ता विरोधी लहर, इन सबने मिलकर 2020 की तुलना में कहीं बेहतर नतीजे दिए हैं।"
BJP को दी शुभकामनाएं
कांग्रेस नेता और सांसद शशि थरूर ने कहा, "मैं तिरुवनंतपुरम में बीजेपी के ऐतिहासिक प्रदर्शन को भी स्वीकार करना चाहता हूं। शहर नगर निगम में उनकी महत्वपूर्ण जीत पर विनम्र बधाई देता हूं। यह एक मजबूत प्रदर्शन है, जो राजधानी के राजनीतिक परिदृश्य में एक उल्लेखनीय बदलाव को दिखाता है। मैंने 45 साल के LDF के कुशासन से बदलाव के लिए प्रचार किया था, लेकिन मतदाताओं ने एक दूसरी पार्टी को पुरस्कृत किया है।"
यह भी पढ़े -राहुल गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस सांसदों की मीटिंग, फिर चर्चा में थरूर की गैरमौजूदगी
उन्होंने आगे कहा, "यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। लोगों के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। चाहे वो यूडीएफ के लिए हो या मेरे निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के लिए।" उन्होंने यह भी कहा, "हम केरल की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे। लोगों की जरूरतों की वकालत करते रहेंगे। सुशासन के सिद्धांतों को बनाए रखेंगे। आगे बढ़ते रहो।"
कांग्रेस गठबंधन ने इतने नगर निगम की बनाई सरकार
केरल के 5 नगर निगम के चुनाव हुए थे, जिसमें से चार कांग्रेस गठबंधन यूडीएफ ने जीत लिया है। जबकि एक पर एनडीए की जीत हुई है। इसके अलावा, नगर पालिका परिषद चुनाव में 54 यूडीएफ, एलडीएफ ने 28 और एनडीए ने एक पर जीत हासिल की है। वहीं, जिला पंचायत चुनाव में 7 पर एलडीएफ और 7 यूडीएफ ने जीता है।
Created On :  
