राहुल गांधी को मानहानि केस में राहत: कांग्रेस ने बताया सत्य की जीत; BJP बोली- जनता की अदालत में जवाब देना होगा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में सुल्तानपुर की विशेष MP/MLA कोर्ट ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ 2018 के आपराधिक मानहानि मामले को खारिज कर दिया है। कोर्ट के केस खारिज करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर हमला बोला, इसके जवाब में भाजपा नेताओं ने भी कांग्रेस पर पलटवार किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा हमें न्यायपालिका पर विश्वास है।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा बयान ये था कि वो हत्या के आरोपी हैं, इस बात को कोर्ट ने सही कहा कि अमित शाह हत्या के आरोपी रहे हुए हैं और राहुल गांधी को बरी कर दिया। सत्य की जीत इसे ही कहते हैं।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल का कहना है कि कोर्ट ने राहुल गांधी को भले ही दोष मुक्त कर दिया हो लेकिन वो जिस तरह की अवमानना लगातार कर रहे हैं। देश की जनता उनको दोषमुक्त करने वाली नहीं है। वह जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं इससे देश को वे शर्मसार कर रहे हैं। देश की जनता की अदालत देख रही है।
कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,'बहुत बड़ी जीत है ये सत्य की जीत है ये न्याय की जीत है। ये जीत उस योद्धा की है जो अपना सब कुछ लगाकर इस लोकतंत्र के लिए लड़ रहा है ये राहुल गांधी की जीत नहीं है ये देश की जीत है। सत्यमेव जयते ऐसे ही नहीं कहा गया है।
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, " संतोष है कि न्याय मिला है और उस समय भी जब ये बयान आया था और जब विवाद हुआ था तो राहुल गांधी ने इस पर विस्तृत जानकारी दी थी। इस मामले को वही खत्म हो जाना चाहिए था, उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा भाजपा इसे जानबूझकर खिंचा, लेकिन कानून ने उनका साथ दिया है तो हम इसका स्वागत करते हैं।
Created On :  



