विधानसभा चुनाव 2027: यूपी की मुस्लिम सीटों पर अखिलेश के यादव परिवार का कब्जा? ओवैसी ने गिनाए नाम, सपा पर कसा तंज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी अखिलेश पर हमलावर है। ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव पर मुस्लिम बहुल सीटों पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। AIMIM चीफ ने कैराना की एक जनसभा में कहा, ‘एक जमाना था जब आजमगढ़ से मुसलमान जीतता था, लेकिन अब वहां से अखिलेश के भाई जीतते हैं। एक जमाना था जब बदायूं से मुसलमान सांसद जीतता था, लेकिन अब वहां से भी अखिलेश के भाई एमपी है। एक जमाना था, फिरोजाबाद से एक मुसलमान सांसद बनता था, अब वहां से अखिलेश के परिवार के लोग सांसद है। ओवैसी ने मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर भी अखिलेश यादव की आलोचना की। आपको बता दें कि सपा पर लगातार हमला करने वाले ओवैसी विपक्षी गठबंधन में शामिल होने की पेशकश कर चुके हैं।
अखिलेश अपनी पार्टी का नाम “समाजवादी यादव परिवार” लिखें- ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अपनी पार्टी का नाम समाजवादी पार्टी की जगह समाजवादी यादव परिवार लिखना चाहिए। उन्होंने सपा पर हमला करते हुए कहा अखिलेश और उनका यादव परिवार कह रहा है कि हमारे परिवार में जितने बच्चे-बच्चियां पैदा होंगे, तुम्हारा काम ये है अब्दुल, कि तुम्हारी सालगिरह पर तुम केक नहीं काटना, अपनी सांसद और विधायक की सीट हमारे परिवार के बच्चों और बच्चियों को गिफ्ट में दे देना। तोहफे में लाकर दे देना।’ ओवैसी ने आगे कहा मुस्लिम समाज के राजनीतिक हक और सीटों को एक परिवार के भीतर सीमित किया जा रहा है
विपक्षी दलों से हाथ मिलाने को तैयार हैं ओवैसी
ओवैसी इन दिनों लगातार सपा और अखिलेश यादव की आलोचना कर रहे हैं। लेकिन उन्होंने विपक्षी दलों से हाथ मिलाने की भी पेशकश की है। उन्होंने विपक्षी गुट से गठबंधन को लेकर कहा कि भाजपा को रोकने के लिए AIMIM विपक्षी दलों से हाथ मिलाने को तैयार है। वह योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनते नहीं देखना चाहते। ओवैसी ने आगे कहा कि अगर सभी विपक्षी दलों का मकसद भाजपा को सत्ता से बाहर करना है, तो उनकी पार्टी भी सहयोग करने को तैयार है।
क्या ओवैसी बिगाड़ सकते हैं अखिलेश की गणित?
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी लगातार मुस्लिम बहुल इलाकों में वोट बैंक को अपने पक्ष में करने की तैयारी में जुटे हैं। बीते 15 अक्टूबर को मुस्लिम विद्वान और राजनीतिक विश्लेषक हाजी अब्दुल सलाम ने कहा था कि AIMIM यूपी की 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति बना रही है। अगर उसे सपा-कांग्रेस गठबंधन में शामिल नहीं किया जाएगा, तो कुछ सीटों पर राजनीतिक समीकरण बदल सकता है। अब यह देखना होगा कि मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा और संभल जैसे जिलों में मुस्लिम वोटरों का रुझान किस सियासी पार्टी की ओर है और इसका चुनावी परिणामों पर क्या असर पड़ेगा?
Created On :  


