दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: 'इससे बीजेपी को फायदा हुआ..', AAP और कांग्रेस का गठबंधन न होने को लेकर बोले अजय माकन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब दो हफ्ते का समय बचा है। जैसे-जैसे चुनाव का वक्त नजदीक आता जा रहा है वैसे-वैसे नेताओं के एक-दूसरे पर जुबानी हमले भी बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आप के आगे बढ़ने से बीजेपी को फायदा होता है। माकन ने कहा कि कांग्रेस को कमजोर करके राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी का मुकाबला नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने दिल्ली स्थित पार्टी के नए मुख्यालय में आयोजित पीसी में कहा, 'मेरी यह निजी राय है कि आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने से दिल्ली की जनता को बहुत नुकसान हुआ और फायदा भाजपा को हुआ।'
गठबंधन नहीं होने की जिम्मेदार AAP
माकन ने दिल्ली और इससे पहले हुए हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन न होने के लिए दिल्ली के सत्ताधारी दल को ही जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, 'हम हरियाणा और दिल्ली चुनाव आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ना चाहते थे, लेकिन जैसे ही अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आए, उन्होंने घोषणा की कि वह (हरियाणा की) सभी 90 सीटों पर अलग चुनाव लड़ेंगे। जहां तक दिल्ली चुनाव की बात है तो आप ने लोकसभा चुनाव के बाद घोषणा की थी कि वह दिल्ली चुनाव अकेले लड़ेगी। गोपाल राय ने यह घोषणा की थी।'
कांग्रेस नेता ने कहा, 'जब शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थीं, तब कांग्रेस ने दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटें जीती थीं, लेकिन दिल्ली में आप की सरकार आने के बाद से इसका उल्टा हो रहा है। भाजपा ने सभी सात लोकसभा सीटें जीतीं तो फिर भाजपा के साथ कौन है?'
केजरीवाल के आगे बढ़ने से भाजपा को फायदा
अजय माकन ने कहा कि केजरीवाल के आगे बढ़ने से भाजपा को फायदा मिलता है। भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी है। अगर राष्ट्रीय स्तर पर मुख्य विपक्षी पार्टी कमजोर होगी तो भारतीय जनता पार्टी से कभी नहीं लड़ा जा सकता।
Created On :   19 Jan 2025 1:27 AM IST














