कर्नाटक में बनेगी डीके सरकार!: राज्य में 4 डिप्टी सीएम का फॉर्मूला लाएगी कांग्रेस, क्या पार्टी के ऑफर से सिद्धारमैया करेंगे कॉम्प्रोमाइज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के सीएम बनने को लेकर रस्साकशी की राजनीति देखी जा रही है। इस बीच राज्य में नई सरकार बनाने का फॉर्मूला सामने आया है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस के नेतृत्व वाली नई सरकार में 4 डिप्टी सीएम हो सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन नेताओं के नाम भी सामने आ गए हैं। ये डिप्टी सीएम दलित, ओबीसी, लिंगायात और अल्पसंख्यक वर्ग से एक-एक चेहरे को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
डीके शिवकुमार की सरकार में होंगे 4 डिप्टी सीएम
सूत्रों के मुताबिक, संभावित उपमुख्यमंत्री की रेस में दलित कोटे से जी परमेश्वर (कर्नाटक गृहमंत्री) और प्रियांक खरगे (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे), ओबीसी कोटे से यतींद्र सिद्धारमैया (मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे), लिंगायात कोटे से एमबी पाटिल और ईश्वर खंड्रे, अल्पसंख्यक कोटे से केजे जॉर्ज, यूटी खादर और जमीर का नाम सामने आया है।
वहीं, दूसरी ओर कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की अटकलों के बीच डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बीच गुरुवार को ब्रेकफास्ट मीटिंग होगी। इस मीटिंग के दौरान राज्य की राजनीति को लेकर सियासी पारा हाई हो गया है। यह बैठक गुरुवार को बेंगलुरु में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 'कावेरी' में होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकते हैं। इस दौरान नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों पर भी रुख साफ कर सकते हैं।
बता दें, इससे पहले दिसंबर 2025 में भी मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री शिवकुमार के बीच काफी चर्चित ‘ब्रेकफास्ट डिप्लोमेसी’ बैठक हुई थी। यह बैठक शिवकुमार के घर पर आयोजित हुई थी। तब कांग्रेस नेतृत्व ने सीएम पद की अदला-बदली और सत्ता साझेदारी को लेकर चल रही अटकलों के बीच एकजुटता का संदेश दिया था।
यह भी पढ़े -'5 साल में एक लाख युवाओं के लिए खेल सुविधाएं बनाने का संकल्प', जन्मदिन पर बोले नितिन गडकरी
कांग्रेस ने सिद्धारमैया को दिया ये ऑफर
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सिद्धारमैया से सीएम पद छोड़ने की हिदायत दी है। ताकि डीके शिवकुमार को सीएम बनाया जा सके। इसके बदले कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया को केंद्र की राजनीति में बड़ी भूमिका और उनके बेटे यतींद्र सिद्धारमैया को उपमुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके साथ ही कुछ अहम मंत्रालय देने का भी आश्वासन दिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि सिद्धारमैया पद छोड़ने से पहले मंत्रियों और विधायकों के साथ डिनर बैठक भी कर सकते हैं। गुरुवार को कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है। उधर, शिवकुमार के समर्थकों ने उन्हें अगला मुख्यमंत्री बनने की बधाई देते हुए पोस्टर लगाना और सोशल मीडिया पर संदेश साझा करना शुरू कर दिया है। हालांकि, पार्टी ने अब तक लीडरशिप में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
Created On :  
