समय-समय की बात है: DMK ने INDIA की बैठक का किया बहिष्कार, ममता आ रही है साथ, जानिए सत्तारूढ़ से लेकर गठबंधन दलों के नेताओं ने क्या कहा?

DMK ने INDIA की बैठक का किया बहिष्कार, ममता आ रही है साथ, जानिए सत्तारूढ़ से लेकर गठबंधन दलों के नेताओं ने क्या कहा?
विपक्ष के नेता और DMK युवा विंग के सचिव उदयनिधि स्टालिन ने कहा DMK कांग्रेस के विश्वासघात को कभी नहीं भूलेगी।कांग्रेस के विजयी विधायक भी हमारे नेता से नहीं मिले हैं। कांग्रेस ने TVK का समर्थन करके हमें धोखा दिया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। इंडिया गठबंधन में अब दरार पड़ रही है, एक तरफ शुरुआत से अब तक गठबंधन में मजबूती से साथ देने वाली डीएमके दूरी बना रही है, वहीं दूसरी तरफ शुरु से ही गठबंधन से दूरी बनाकर अलग हटकर चलने वाली ममता बनर्जी बंगाल में चुनावी हार के बाद गठबंधन में शामिल होने के लिए उत्सुक बताई जा रही हैं। बंगाल चुनाव में एकला चलो की नीति अपनाने वाली ममता बनर्जी ने चुनावी हार के बाद कई मौकों पर विपक्षी दलों की एकजुटता पर बयान दिए है। उन्होंने इंडिया गठबंधन की एकता को बरकरार रखने के लिए अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जाहिर की। ऐसे में ममता इंडिया गठबंधन की बैठक में खुद हिस्सा ले सकती है। इंडिया ब्लॉक को लेकर सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के कई नेताओं ने गठबंधन पर निशाना साधा है।

इंडिया गठबंधन की 8 जून को बैठक होने वाली है, इस बैठक से डीएमके ने दूरी बना का फैसला लिया है, इस मीटिंग के अतिरिक्त डीएमके ने कांग्रेस नेतृत्व में होने वाली आगामी सभी बैठकों से शामिल ना होने का निर्णय लिया है। इसके पीछे की वजह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में तमिलनाडु में टीवीके की विजय सरकार को समर्थन देना है, डीएमके इसे पीठ में छुरा घोंपना बता रही है, इसे लेकर विपक्ष के नेता और DMK युवा विंग के सचिव उदयनिधि स्टालिन ने कहा DMK कांग्रेस के विश्वासघात को कभी नहीं भूलेगी। कांग्रेस के विजयी विधायक भी हमारे नेता से नहीं मिले हैं। कांग्रेस ने उनका (TVK का) समर्थन करके हमें धोखा दिया है। हमारे गठबंधन के कुछ सहयोगियों ने भी हमारे नेता को सूचित करके हमारा समर्थन किया, लेकिन कांग्रेस ने नहीं किया।

कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने मीडिया से कहा कांग्रेस DMK के साथ होने के बावजूद भी वहां सरकार बनाने की कोई गुंजाइश नहीं थी। कांग्रेस ने यह बात ध्यान में रखते हुए अपना फैसला लिया कि BJP इस स्थिति का फायदा उठाएगी, उन्हें समझाना होगा, INDIA गठबंधन बरकरार रहेगा।

कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह का कहना है कि INDIA गठबंधन में जो पार्टियां हैं, वे विचारों से प्रेरित पार्टियां हैं। जो पार्टियां विचारों से प्रेरित नहीं हैं और भाजपा की ED व CBI से डरती हैं, वे अलग होंगी।

आरजेडी नेता मनोज कुमार झा ने एएनआई से कहा राजनीति का ये स्वरूप होता है। जाहिर तौर पर एक पुराना रिश्ता अलग दिशा में चला गया है। मुझे लगता है कि इसे समय ही भरेगा, कई चीजें समय के साथ-साथ बदल जाती हैं।

शिवसेना UBT आनंद दुबे का कहना है कि जब परिवार होता है, तो परिवार में अनबन होती है। हमारा INDIA गठबंधन एक परिवार है। उसमें बहुत सारे दल एक-दूसरे के खिलाफ बात करते हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस, TMC और कांग्रेस में कभी अनबन हो जाती है। अभी DMK थोड़ी नाराज़ है, हम उन्हें मनाने की कोशिश करेंगे। अगर INDIA गठबंधन एक परिवार है और परिवार को आगे बढ़ाना है तो अपने व्यक्तिगत लाभ-हानि को भूलना पड़ता है, DMK की नाराजगी स्वाभाविक है। कई बार बड़े मिशन के लिए छोटी-छोटी चीज़ों को भूलना पड़ता है, हम चाहेंगे कि वे बैठकर बातचीत करें और जो उनकी दूरियां, नाराजगी है वह दूर हों।

DMK के INDIA गठबंधन की बैठक का बहिष्कार करने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा आखिर DMK ऐसा क्यों न करे? कारण यह कि कांग्रेस और DMK ने मिलकर चुनाव लड़ा लेकिन कांग्रेस में सत्ता की भूख ऐसी जगी कि उन्होंने तमिलनाडु में सत्ता के लिए सारी मर्यादा को तोड़ दिया, सत्ता के लिए राहुल गांधी इतने व्याकुल हैं कि भारत में गृह युद्ध भी हो जाए, उनकी मानसिकता यही रहेगी।

बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने DMK के INDIA गठबंधन की बैठक का बहिष्कार करने पर कहा INDI गठबंधन नाम की इस धरती पर कोई वस्तु नहीं बची है। ये गठबंधन तो कबका खत्म हो चुका है, इसमें तो सब बारी-बारी बिछड़ गए हैं। कई लोग साथ छोड़कर गए हैं। लोकसभा चुनाव में ये दल साथ रहते हैं लेकिन विधानसभा चुनाव में साथ नहीं रहते, INDI गठबंधन नाम की कोई चीज नहीं बची है। अब DMK ने भी इनका साथ छोड़ दिया है, ये हालत हो चुकी है INDI गठबंधन की।

Created On :   5 Jun 2026 5:25 PM IST

Tags

Next Story