Jharkhand News: JPSC विवाद पर कोर्ट के फैसले के बाद गरमाई सियासत, JDU-BJP ने सोरेन सरकार पर साधा निशाना

JPSC विवाद पर कोर्ट के फैसले के बाद गरमाई सियासत, JDU-BJP ने सोरेन सरकार पर साधा निशाना
झारखंड में 11वीं से 13वीं जेपीएससी परीक्षाओं और नियुक्तियों के कैंसल करने के सोरेन सरकार के फैसले पर झारखंड हाईकोर्ट ने गुरुवार को स्टे लगाया था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड में 11वीं से 13वीं जेपीएससी परीक्षाओं और नियुक्तियों के कैंसल करने के सोरेन सरकार के फैसले पर झारखंड हाईकोर्ट ने गुरुवार को स्टे लगाया था। झारखंड कोर्ट के इस फैसले के बाद अब बिहार में भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी और जेडीयू की ओर से आज (शुक्रवार) बड़ा बयान आया है।

JPSC विवाद पर सियासत तेज

बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने हाईकोर्ट के फैसले पर कहा कि छात्रों के आंदोलन के बाद सरकार ने ये महसूस किया कि जितने भी परीक्षाएं हुई हैं उसमें हेराफेरी हुई है। उस हेराफेरी की बहुत ही विस्तृत जांच कराने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "न्यायालय पहले इस चीज को विस्तृत तौर पर जानना चाहती है कि ये जो परीक्षा रद्द हुई है इसका समुचित कारण क्या है? और इसीलिए स्टे लगाया जाता है।"

जेडीयू नेता राजीव रंजन ने इसे न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया। कहा कि इस स्टे को न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जाना चाहिए। सुनवाई जारी रहेगी। छात्रों के आंदोलन के बाद सरकार ने परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया था, लेकिन जिन अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो गई थी, अब वो कोर्ट पहुंचे हैं, तो जाहिर है कि उनकी भी बात सुनी जाएगी।

JDU ने हेमंत सोरेन सरकार पर बोला हमला

जेडीयू एमएलसी और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला। कहा, "झारखंड सरकार ने नौजवानों की पीड़ा को नहीं समझा। छात्र आंदोलन के दबाव में सरकार ने परीक्षाएं रद्द कर दी थी। अब भले ही कोर्ट ने उस पर स्टे लगा दिया है, लेकिन सोरेन सरकार पूरी तरह से बेनकाब हो गई है।"

बता दें, झारखंड सरकार ने छात्र आंदोलन और पेपर लीक के आरोपों के बाद 11वीं से 13वीं जेपीएससी समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द करने का आदेश जारी किया था। सरकार के इस फैसले को नियुक्त हो चुके अभ्यर्थियों ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने गुरुवार को सरकार के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है।

Created On :   21 Aug 2026 11:55 PM IST

Tags

Next Story