Protest in India: किरेन रिजिजू का बड़ा हमला! कहा- भारत में भी रची गई थी बांग्लादेश-फ्रांस जैसी हिंसा की साजिश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया के कई देशों में हिंसा और विरोध-प्रदर्शनों की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भारत में प्रदर्शन करने वालों पर निशाना साधा है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब फ्रांस में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। वहां कई जगहों पर आगजनी और दुकानों में लूटपाट की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन्हीं घटनाओं का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बयान जारी किया है।
यह भी पढ़े -PM मोदी के सपोर्ट में ओवैसी ने एलन मस्क की लगाई क्लास, तो BJP ने विपक्ष पर कसा तंज, बताया 'एंटी इंडिया गैंग'
बांग्लादेश और फ्रांस के प्रदर्शनों पर क्या कहा?
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की है, जिसमें एक वीडियो भी शामिल है। उन्होंने कहा, "बांग्लादेश में हुई हिंसक घटना और फ्रांस में जो दंगे, आगजनी और लूटपाट हुईं, ठीक वैसी ही साजिश भारत के लिए भी रची गई थी। भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और हमारी सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी। लेकिन इस खतरनाक साजिश को रचने वाले भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस। भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है, लेकिन केवल चुनावों के जरिए, सोरोस के जरिए नहीं।"
उन्होंने पोस्ट में जो वीडियो क्लिप साझा की है, उसमें नेहा बोरा की ओर से बांग्लादेश के युवाओं को धन्यवाद देने वाला वीडियो शामिल है। इसके अलावा, प्रशांत भूषण के 'रिजीम चेंज' वाले बयान और जुलाई-अगस्त के प्रदर्शनों के दौरान आंदोलनकारियों की क्लिप भी शामिल हैं।
पहले भी साध चुके हैं निशाना
इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने 15 अक्टूबर को एक पोस्ट साझा की थी। इसमें उन्होंने कहा था, "लड़ाई की रेखा खिंच चुकी है। एक तरफ दिमागी नक्सली हैं और दूसरी तरफ देशभक्त भारतीय। एक तरफ भारत के संविधान में विश्वास रखने वाले लोग हैं और दूसरी तरफ अराजकतावादी हैं।"
उन्होंने आगे कहा था कि अब लड़ाई भारत-विरोधी ताकतों और उन देशभक्त भारतीयों के बीच चल रही है, जो भारत को बचाना चाहते हैं।
Created On :   18 Oct 2026 6:30 PM IST












