ममता बनर्जी हुई चोटिल: सिर पर लगी गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती, टीएमसी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

सिर पर लगी गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती, टीएमसी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
  • ममता बनर्जी के सिर पर लगी चोट
  • घर में टहलते समय सिर के बल गिरी नीचे
  • अस्पताल में इलाज जारी

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पं. बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के सिर पर गंभीर चोट लगी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह घर में टहलने के दौरान सिर के बल नीचे गिर गई थीं। ममता के चोटिल होने के बाद उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी उन्हें SSKM अस्पताल ले गए जहां उनका इलाज जारी है। टीएमसी के ऑफिशियल एक्स हैंडल से ममता की चोट के बारे में जानकारी दी गई। पार्टी ने लिखा, 'हमारी चेयरपर्सन ममता बनर्जी को गंभीर चोट आई है। उनके लिए प्रार्थना कीजिए।' इसके साथ ही टीएमसी ने ममता बनर्जी की कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। जिसमें उनके माथे पर गहरी चोट लगी नजर आ रही है। इसके साथ ही उनके सिर से खून निकलता भी दिख रहा है।

केजरीवाल ने दी प्रतिक्रिया

ममता बनर्जी के चोटिल होने की जानकारी मिलने के बाद आप सुप्रीमों और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल उनके ठीक होने की प्रार्थना की। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, इसे देखकर हैरान हूं। दीदी आपके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं। ईश्वर आप पर कृपा बनाए रखें। उनके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी ममता बनर्जी के जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने ट्वीट किया, "पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दीदी के साथ हुई सड़क दुर्घटना से स्तब्ध और बहुत चिंतित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।" बता दें कि इससे पहले भी टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी कई बार चोटिल हुई हैं।

पहले भी हो चुकी हैं चोटिल

ममता को इस साल जनवरी के महीने में सिर पर चोट लगी थी। दरअसल, वह 24 जनवरी को कार से बर्धमान से कोलकाता वापस आ रही थीं। मौसम खराब होने की वजह से ड्राइवर ने कार का ब्रेक अचानक लगा दिया जिससे ममता का सिर डैशबोर्ड से टकरा गया था। इस हादसे में उनके सिर पर हल्की चोट आई थी। इसके अलावा बीते साल मौसम खराब होने की वजह से उनके हैलीकॉप्टर की इमरजैंसी लैंडिंग सिलिगुड़ी के पास कराई गई थी। इस दौरान हेलीकॉप्टर से उतरते समय ममता का पैर चोटिल हो गया था। इसके कुछ दिनों बाद अपनी विदेश यात्रा के दौरान स्पेन में टीएमसी प्रमुख के बाएं पैर में चोट आ गई थी।

विधानसभा चुनाव के दौरान पैर में लगी थी चोट

ममता बनर्जी को साल 2021 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी चोट लगी थी। उनके पैर में लगी यह चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें इलाज के लिए तीन दिन तक अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। डॉक्टरों ने उनके पैर में प्लास्टर बांधा था। दरअसल, नंदीग्राम में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन करने के दौरान उनका पैर बुरी तरह घायल हो गया था। इसके बाद बंगाल की सीएम ने व्हीलचेयर पर बैठकर ही चुनाव प्रचार किया था।

Created On :   14 March 2024 4:42 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story