निर्विरोध नामांकन: मंगली लाल मंडल होंगे आरजेडी के नए बिहार प्रदेश अध्यक्ष

मंगली लाल मंडल होंगे आरजेडी के नए बिहार प्रदेश अध्यक्ष
  • बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं मंडल
  • जननायक कर्पूरी ठाकुर के साथ उन्होंने राजनीति की
  • समाजवादी राजनीति को आगे बढ़ाने में उनकी बड़ी भूमिका-तेजस्वी

डिजिटल डेस्क, पटना। साल के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव होने है, इससे पहले आरजेडी को नया प्रदेशाध्यक्ष मिल गया है। आरजेडी मुखिया लालू प्रसाद यादव ने पूर्व सांसद मंगली लाल मंडल को आरजेडी का नया प्रदेशाध्यक्ष बनाया है। मंगली लाल मंडल का निर्विरोध नामांकन भरा है।

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष इलेक्शन को लेकर आरजेडी नेता शक्ति सिंह यादव ने कहा, "राष्ट्रीय जनता दल के नए बिहार प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव आज होगा। मंगली लाल मंडल पूर्व सांसद हैं, बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं, वरिष्ठ नेता हैं। जननायक कर्पूरी ठाकुर के साथ उन्होंने राजनीति की है, लालू प्रसाद यादव के मंत्रिमंडल के सदस्य रहे हैं। तेजस्वी यादव सबको साथ लेकर चलते हैं, लालू प्रसाद यादव की सामाजिक न्याय की विचारधारा, वंचितों, पिछड़ों, उपेक्षितों को मुख्यधारा में लाने के लिए, उसे और गति देने के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत सभी ने पार्टी मुखिया लालू के फैसले का स्वागत किया है।

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "यह बहुत खुशी की बात है कि हम मंगली लाल मंडल के प्रस्तावक रहे हैं, उनका प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नामांकन हुआ है। वे बहुत अनुभवी नेता हैं... समाजवादी राजनीति को आगे बढ़ाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है, हम सभी खुश हैं कि आज मंगली लाल मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया है... हमारी पार्टी जनता की बात करती है और सबको साथ लेकर चलती है। इस बार हम सब मिलकर नया बिहार बनाएंगे।

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले आरजेडी में बड़ा बदलाव हुआ है। लालू यादव की पार्टी को अब नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। आरजेडी के अनुभवी नेता मंगली लाल मंडल का नया प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा हो जाएगी। आरजेडी के पुराने और वफादार नेताओं में गिने जाने वाले मंगली लाल मंडल अतिपिछड़ा समाज से आते हैं। लालू यादव के फैसले को आगामी चुनाव में राजनीति में जातिगत समीकरण साधने के तौर पर देखा जा रहा है।

Created On :   14 Jun 2025 4:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story