Uttar Pradesh News: मेरी चुप्पी को गलत समझा गया, आकाश आनंद ने माफी मांगते हुए बीएसपी चीफ मायावती को लिखा ओपन लेटर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीएसपी से बाहर निकाले जाने के कई दिनों बाद आकाश आनंद ने बीएसपी अध्यक्ष मायावती को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निवेदन करते हुए एक ओपन अपील की है। इस पोस्ट में उन्होंने माफी मांगी और मायावती के फैसले को ही सही ठहराते हुए कहा बीएसपी मेरे लिए एक पार्टी नहीं बल्कि एक परिवार है। अपने पत्र में आकाश आनंद ने उन्होंने दूसरी राजनीतिक पार्टियों में जाने की अटकलों पर भी सफाई दी। आकाश आनंद ने कहा कि वे किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहे हैं, न आज और न कभी।
BSP मेरे लिए सिर्फ एक पार्टी नहीं, मेरा परिवार है
आकाश आनंद ने मायावती को लेकर कहा आप ही मेरी राजनैतिक गुरु हैं, मेरी प्रेरणा हैं, और मेरी बुआ माँ भी हैं। राजनीति में मैंने जो कुछ सीखा, वो आप से ही सीखा, जो कुछ किया, आपके मार्गदर्शन में किया। इसलिए आज अपनी बात सीधे आपके सामने और पूरे बहुजन समाज के सामने रखना चाहता हूँ।
आकाश ने आगे लिखा पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया में मेरे बारे में कई तरह की खबरें और अफवाहें चल रही हैं। मैं साफ कर देना चाहता हूँ: मैं किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहा। न आज, न कभी। BSP मेरे लिए सिर्फ एक पार्टी नहीं, मेरा परिवार है।
यह भी पढ़े -मायावती का आकाश पर हमला, बोलीं ‘अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे, अभी भी अशोक सिद्धार्थ के कहे पर चल रहे’
मेरी चुप्पी को गलत समझा गया
आकाश ने अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकालने और उनके संन्यास का आपका फैसला पूरी तरह उचित है, और मैं उस फैसले के साथ खड़ा हूँ। रिश्ते अपनी जगह हैं, पर मिशन उनसे बड़ा है। व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों से ऊपर पार्टी और आंदोलन का हित रखना मेरी जिम्मेदारी है। उस समय मैंने खुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था, इसलिए आपके उस पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाया। मेरी उस चुप्पी को गलत समझा गया, और अफवाहों को जगह मिली। अगर इससे आपको ठेस पहुँची है, तो मैं उसके लिए आपसे क्षमा चाहता हूँ।
आकाश आनंद ने मायावती से निवेदन करते हुए कहा मैं सिर्फ आपके नेतृत्व में फिर से पार्टी और मिशन की सेवा का अवसर चाहता हूँ। विश्वास शब्दों से नहीं, काम से बनता है, और मैं उसे अपने आचरण और अपनी मेहनत से साबित करूँगा। बाबा साहेब का मिशन, मान्यवर साहेब का रास्ता, और आपका नेतृत्व। यही मेरी राजनीति है।
Created On :   2 Oct 2026 1:57 PM IST










