NDA की समृद्धि यात्रा में हंगामा: छपरा में CM नीतीश कुमार के पहुंचने से पहले जोरदार नोकझोंक, भाजपा नेता ने सुरक्षाकर्मियों पर लगाए दुर्व्यवहार के आरोप

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में नीतीश कुमार की एनडीए सरकार महत्वाकांक्षी समृद्धि यात्रा निकाल रही है। इसके पांचवें दिन यानी बुधवार को कार्यक्रम स्थल पर हंगामा खड़ा हो गया था। यह मामला राज्य के सारण जिले के छपरा का है। जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कार्यक्रम स्थल थोड़ी देर में पहुंचने वाले थे, उसके पहले से ही वहां पर बड़ी संख्या में एनडीए समर्थक और कार्यकर्ता स्थल पर पहुंच गए थे और उनके भीतर घुसने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
यह भी पढ़े -बिहार शराब कारोबारियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया हमला, 19 लोगों पर एफआईआर
इस बात को लेकर हुआ हंगामा
छपरा से बीजेपी विधायक छोटी कुमारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंची तो उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इस मामले को लेकर बताया जा रहा है कि स्थल पर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई थी और देखते ही देखते इसने हंगामे में तब्दील हो गई। हालांकि मौके पर उपस्थित अधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं ने अपनी सूझबूझ से स्थिति पर कंट्रोल कर लिया।
इस मामले के दौरान बीजेपी जिला महामंत्री विवेक कुमार सिंह ने सुरक्षा अधिकारियों पर महिला से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा में तैनात कुछ अधिकारी पटना से पहुंचे थे। जिन्होंने महिला कार्यकर्ताओं और विधायक के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था।
विधायक को दिया धक्का
विवेक कुमार का कहना है कि विधायक छोटी कुमारी जब अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर रही थी, उसी समय अधिकारियों ने विधायक को धक्का दे दिया था। इसके साथ ही अपमानजनक शब्दों का प्रयोग भी किया गया था। उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा कि इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यहार किया गया। यह महिला सशक्तिकरण की भावना के विपरीत है।
बीजेपी जिला महामंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और महिलाओं में खास उत्साह था और वे सभी सीएम के स्वागत में पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री के समक्ष की जाएगी।
Created On :   21 Jan 2026 5:14 PM IST













