Bihar Politics: JDU समर्थकों का CM आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन, नीतीश कुमार के पोस्ट पर तेजस्वी का निशाना, बिहार में गरमाई सियासत

JDU समर्थकों का CM आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन, नीतीश कुमार के पोस्ट पर तेजस्वी का निशाना, बिहार में गरमाई सियासत
जेडीयू समर्थकों ने पटना में सीएम आवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ऐसा नीतीश कुमार के 'एक्स' पोस्ट के बाद किया जिसमें सीएम ने राज्यसभा सांसद बनने की इच्छा जाहिर की। इसके अलावा तेजस्वी यादव का भी रिएक्शन सामने आया है।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजनीति में हलचल देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने की इच्छा जाहिर करने वाले पोस्ट ने बवाल खड़ा कर दिया है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखा जा सकता है। पार्टी समर्थक इतना गुस्साए हुए हैं कि उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के मन में यह सवाल है कि आखिर सीएम नीतीश ने अचानक राज्यसभा सांसद बनने की इच्छा जाहिर क्यों की है? वहीं, इस मामले पर कई नेताओं की भी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया

RJD नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, "सब जानते हैं कि बिहार के चुनाव में NDA ने ये नारा दिया था कि '2025 से 30 फिर से नीतीश'। भाजपा और NDA के घटक दल जानते हैं कि किस प्रकार से तंत्र-मंत्र और पूरा सिस्टम लगाकर चुनाव हुआ। उस समय में भी हमने कहा था कि भाजपा के लोगों ने नीतीश कुमार को 'हाईजैक' कर लिया है और उन्हें दोबारा कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे।

उन्होंने आगे कहा कि हमने कहा था कि वे 6 महीने से ज्यादा कुर्सी पर नहीं रहेंगे। भाजपा जिसके साथ भी रही है उसे बर्बाद करने का काम किया है। भाजपा OBC, दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है। वे(भाजपा) नहीं चाहते हैं कि बिहार में ऐसा नेता रहे जो OBC या दलित की बात करता हो, वे तो कोई 'रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री' चाहते हैं। ये जो सत्ता परिवर्तन हो रहा है, ये जन भावनाओं के खिलाफ है। लोग भाजपा के चाल-चरित्र को जानते हैं। हमने नीतीश कुमार के साथ भी काम किया है लेकिन ज्यादातर हम विपक्ष में गए थे। 28 जनवरी 2024 में जब वे(JDU) हमारा साथ छोड़कर गए थे, तब भी हमने कहा था कि भाजपा जो है वो उन्हें समाप्त करेगी। हमारी पूरी सहानुभूति है उनके प्रति, उन्होंने बिहार की जो सेवा की, उसके लिए हम उन्हें धन्यवाद भी देना चाहते हैं।

'हमें इस बारे में पहले ही पता था'

तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें इस बारे में पहले ही पता था। 28 जनवरी 2024 को जब हमने ये बात कही थी कि जदयू खत्म हो जाएगी लेकिन भाजपा जो 400 सीटों की बात करती थी, उसके अनुसार उनका नतीजा नहीं आया इसलिए इसमें 1 साल की देरी हो गई। नहीं तो वे पहले ही उन्हें(JDU) खत्म कर देते। उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र में जो हुआ, एकनाथ शिंदे को आगे करके भाजपा ने अपना मुख्यमंत्री बनाया। उसी नीति को उन्होंने यहां भी रिफाइंड तरीके से लागू किया।

कांग्रेस का क्या कहना?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि ये तो समझ नहीं आ रहा कि आपने चुनाव लड़ा, अपने चेहरे पर लड़ा, वोट बटोर लिए, जनता ने आपको चुनकर भेजा। नीतीश कुमार ने पहले भी कई बार अपना मन बदला है। कभी इस पाले में या कभी उस पाले में। अब सुनने में आ रहा है कि वे दिल्ली आ रहे हैं। जो कुछ भी हो रहा है ये जनता को धोखे में रख कर किया गया है। अगर आप 6 महीने पहले बोल देते कि आपको राज्यसभा में जाना है तो हो सकता है कि बिहार चुनाव के परिणाम कुछ और आते।

जेडीयू नेता की प्रतिक्रिया?

JDU नेता के.सी. त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा कि नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता। उन्होंने नया बिहार बनाया है। जैसे कर्पुरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह जिंदा है, ऐसे ही युग-युग तक नीतीश कुमार भी याद किए जाएंगे। जाहिर है कि इससे सदन की भी गरिमा बढ़ेगी, बहस का स्तर ऊंचा होगा और यूं भी ख्याति व अच्छे बौद्धिक ज्ञान के चलते उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार भी मिला था।

अगला सीएम कौन?

आपको बात दें कि, कोई व्यक्ति एक ही समय पर मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नहीं बन सकता है। ऐसे में अगर नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बनते हैं तो सीएम का पद कोई और संभालेगा। नीतीश कुमार के इच्छा जाहिर करने के बाद सीएम की कुर्सी को लेकर अटकलें तेज हैं। कहा जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बिहार की कमान मिल सकती है। वहीं, न्यूज रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

यह भी पढ़े -BJP, समाजवादी पार्टी से पहले मायावती की बड़ी सियासी चाल! ब्राह्मण वर्ग पर फोकस के लिए अपनाया ये फॉर्मूला, समझें पार्टी के पुराने रिकॉर्ड से

Created On :   5 March 2026 3:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story