मानसून सत्र: आरोपों में घिरे नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री, प्रह्लाद जोशी ने मांगा सबूत, कांग्रेस सांसद ने कहा सही प्रक्रिया से करूंगी जमा

आरोपों में घिरे नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री,  प्रह्लाद जोशी ने मांगा सबूत, कांग्रेस सांसद ने कहा सही प्रक्रिया से करूंगी जमा
कांग्रेस ने कहा शिक्षा सिस्टम में RSS प्रचारकों को भरकर उसे खोखला बना दिया है। जबरदस्ती NTA को बनवाकर सिस्टम का केंद्रीकरण करके उसे और भी उलझा दिया है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा सांसद व कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने शिक्षा और शिक्षा मंत्री को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर तमाम आरोप लगाए है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा उन्होंने हमारे शिक्षा सिस्टम में RSS प्रचारकों को भरकर उसे खोखला बना दिया है। उन्होंने जबरदस्ती NTA को बनवाकर सिस्टम का केंद्रीकरण करके उसे और भी उलझा दिया है। देश के कुल बजट में शिक्षा बजट की हिस्सेदारी हर साल बढ़ाने के बजाय घटती जा रही है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा प्रधानमंत्री ने एक नए शिक्षा मंत्री को नियुक्त किया है, एक ऐसे व्यक्ति को जिन्होंने गर्भवती महिला के साथ बलात्कार के दोषियों की रिहाई पर सहमति और खुशी भी जताई थी। इस पर आपत्ति जताते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा यह संसद के भीतर चरित्र हनन के बराबर है और हम ऐसी भाषा की उम्मीद नहीं करते, इन बयानों को रिकॉर्ड से हटा दिया जाना चाहिए। दूसरी बात, ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए, उन्हें सदन से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा प्रियंका को अपने बयानों को प्रमाणित करना चाहिए था। फैलाई जा रही गलत सूचना के संबंध में कार्रवाई की जानी चाहिए। क्या कोई कुछ भी कह सकता है और इससे बच सकता है? मैं इन आरोपों का खंडन करता हूं। उन्हें निष्कासित किया जाना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर प्रियंका गांधी ने लगाए कई आरोप, प्रह्लाद जोशी ने मांगा सबूत तो कांग्रेस सांसद ने कहा सही समय और प्रक्रिया पर करूंगी

कांग्रेस नेता ने शिक्षा मंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा ऐसे समय में जब वे महिलाओं के अधिकार और आरक्षण की बात कर रहे हैं और महिलाओं को आगे लाने का दावा कर रहे हैं, यह बहुत गलत संदेश है। मैं इसकी पुष्टि करूंगी। उस समय का एक वीडियो भी है। मैं सही प्रक्रिया के साथ सब कुछ जमा करूंगी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने समाचार एजेंसियों के सामने कहा भारत के शिक्षा मंत्री के तौर पर BJP ने ऐसे व्यक्ति को चुना है जो बलात्कारियों का बचाव करता है। वह बेहद घटिया किस्म का इंसान है। जो व्यक्ति यह कहे कि बलात्कारियों को सुरक्षा की जरूरत है, उससे ज्यादा घटिया इंसान कोई नहीं हो सकता। आज भारत के शिक्षा मंत्री वही हैं। प्रधानमंत्री का यह रवैया अजीब है, उनकी कैबिनेट में इतने सारे लोग हैं, वे उनमें से किसी को भी चुन सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसे व्यक्ति को चुना जो बलात्कारियों को बचाता है। वाकई हैरान करने वाली बात है।

Created On :   28 July 2026 7:20 PM IST

Tags

Next Story