सिवान छात्र प्रदर्शन: AK-47 से फायरिंग के बाद बढ़ा सियासी घमासान, कांग्रेस ने पेपर लीक और कार्रवाई पर सरकार को घेरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के सिवान में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग का मामला अब राजनीतिक मुद्दा बन गया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि पहले भी कई आंदोलन हुए लेकिन छात्रों पर इस तरह हथियार का इस्तेमाल नहीं किया गया। उन्होंने पेपर लीक के मामलों का भी जिक्र किया और सरकार को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़े -बीजेपी ने फीर्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में धांधली का लगाया आरोप, आप की मान सरकार से सीबीआई जांच कराने की मांग की
केंद्र पर प्रहार
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज मुद्दा सिर्फ यह नहीं है कि पेपर लीक हुआ। सवाल यह है कि जब आंदोलन हुआ और युवा इकट्ठा हुए, तो क्या कांग्रेस के शासनकाल में उनके खिलाफ कभी AK-47 का इस्तेमाल किया गया? क्या उन पर गोलियां चलाई गईं? जहां तक पेपर लीक का मामला है तो सिर्फ एक व्यक्ति, धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में पेपर लीक की 152 घटनाएं हुईं।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर बिहार के सिवान का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें SIT सदस्य अभिषेक पटेल प्रदर्शन कर रहे छात्रों की तरफ AK-47 से फायर करते दिखे। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने इसकी जांच की। जांच के बाद अभिषेक पटेल को सस्पेंड कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे मामले पर विवाद बढ़ गया है। विपक्ष ने भी सरकार पर सवाल उठाए हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई भी नियम के अनुसार होगी।
Created On :   28 July 2026 5:11 PM IST









