बीरेन सिंह दोबारा संभालेंगे मणिपुर की कमान

Biren Singh will again take over the command of Manipur
बीरेन सिंह दोबारा संभालेंगे मणिपुर की कमान
मणिपुर बीरेन सिंह दोबारा संभालेंगे मणिपुर की कमान
हाईलाइट
  • बीरेन सिंह को चुना गया पार्टी विधायक दल का नेता

डिजिटल डेस्क, इम्फाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को यहां घोषणा की कि बीरेन सिंह ही मणिपुर के मुख्यमंत्री होंगे।

बीरेन सिंह लगातार दूसरी बार राज्य की कमान संभालेंगे। सीतारमण के साथ सह पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजु भी थे। उन्होंने भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ यहां दो घंटे तक बैठक की और उसके बाद घोषणा की कि बीरेन सिंह को सर्वसम्मति से पार्टी के विधायक दल का नेता चुना गया है।

सीतारमण, रिजीजू, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अधिकारीमायूम शारदा देवी और अन्य नेताओं ने बीरेन सिंह को बधाई दी और उन्हें गुलदस्ता भेंट किया। विधानसभा चुनावों के नतीजों की घोषणा के दस दिन बाद तक भाजपा नयी दिल्ली और इम्फाल में कई बैठकें करती रही और तब जाकर बीरेन सिंह का नाम फाइनल हो पाया। पार्टी के अन्य नेता टी बिस्वजीत सिंह का नाम भी मुख्यमंत्री के दावेदार के रूप में चर्चा में था।

एक सप्ताह के भीतर बीरेन सिंह, बिस्वजीत सिंह, पूर्व स्पीकर वाई खेमचंद सिंह दो-दो बार दिल्ली गये और पार्टी के केंद्रीय नेताओं के साथ कई मुलाकातें कीं। मणिपुर की 60 सीटों पर से भाजपा ने 32 सीटों पर जीत हासिल की है। बीरेन सिंह फुटबॉल खिलाड़ी और पत्रकार भी रह चुके हैं। वह पहले कांग्रेस से जुड़े थे लेकिन वर्ष 2016 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। उन्होंने लगातार पांचवीं बार अपनी पारंपरिक सीट हेनगैंग से जीत हासिल की है। 61 वर्षीय बीरेन सिंह रविवार रात या सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

 

(आईएएनएस)

Created On :   20 March 2022 1:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story