लंबी है भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार आप सरकार के मंत्रियों और विधायकों की लिस्ट , अब तक कई चर्चित मंत्रियों ने दिया है इस्तीफा

List of resignations in AAP government in Delhi
लंबी है भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार आप सरकार के मंत्रियों और विधायकों की लिस्ट , अब तक कई चर्चित मंत्रियों ने दिया है इस्तीफा
आप सरकार में इस्तीफे का दौर लंबी है भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार आप सरकार के मंत्रियों और विधायकों की लिस्ट , अब तक कई चर्चित मंत्रियों ने दिया है इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली, डबलू कुमार। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। दोनों नेताओं के इस्तीफे को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वीकार कर लिया है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है, जब केजरीवाल के मंत्रियों ने इस्तीफा दिया है। इससे पहले भी आम आदमी पार्टी के कई मंत्रियों और विधायकों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। जिसके बाद मंत्रियों और विधायकों ने इस्तीफा दिया है।

इन दोनों मंत्रियों के इस्तीफे के बाद आप मंत्रियों के इस्तीफे की चर्चा तेज हो गई है। साथ ही लोग हैरान भी हैं कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने वाली आप सरकार में इतना ज्यादा भ्रष्टाचार कैसे हो रहा है? अभी तक आप सरकार से कई मंत्री और विधायकों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया है। जिनमें से कुछ नाम काफी ज्यादा चर्चित है, आइए देखते हैं कि अब तक आप के कितने नेता भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार हो चुके हैं।  

मनीष सिसोदिया 

बीते कई दिनों से दिल्ली की राजनीति में शराब घोटाले मामले को लेकर सियासत गर्म थी, लेकिन रविवार के दिन सीबीआई ने सिसोदिया से 2021-22 के आबकारी नीति के विभिन्न पहलुओं पर आठ घंटे की लंबी पूछताछ की। जिसके बाद सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को कथित शराब घोटाले के मामले में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सिसोदिया कई सारे सवालों के जवाब देने में विफल रहे। इस दौरान सिसोदिया पर सबूतों को नष्ट करने के भी आरोप लगे। जिसके बाद आज शाम डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

सत्येंद्र जैन

आप मंत्रियों के इस्तीफे की सूची में अगला नाम दिल्ली के स्वास्थ मंत्री सत्येंद्र जैन का है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 57 वर्षीय जैन को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 30 मई 2022 को धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था। ये पूरा मामला 5 करोड़ रुपये की हेराफेरी से जुड़ा हुआ है। बता दें कि 2018 में CBI ने चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें बताया गया था कि 2015 से 2017 के बीच पद पर रहते हुए सत्येंद्र जैन ने ज्ञात स्रोत से कमाई की। साथ ही उनकी संपत्ति में 200 फीसदी से अधिक का इजाफा देखा गया। सत्येंद्र जैन ने भी आज शाम सीएम अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

फौजा सिंह सरारी

पिछले माह की ही बात है जब पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री फौजा सिंह सरारी का एक ऑडियो क्लिप वायरल हो गया था। जिसमें वह ठेकेदारों से जबरन वसूली से संबंधित बातचीत कर रहे थे। भगवंत मान की सरकार में आप नेता फौजा सिंह के पास खाद्य और बागवानी विभाग था, लेकिन आलाकमान की हरी झंडी के बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। 

राजेंद्र पाल गौतम

भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति का दावा करने वाली आप सरकार में इस्तीफे देने वाले मंत्रियों की लिस्ट में अगला नाम दिल्ली के पूर्व समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम का है। विजयादशमी के मौके पर बौद्ध धर्म की दीक्षा दिलाने के लिए हुए एक कार्यक्रम के दौरान उन पर हिंदू देवी-देवाताओं का अपमान करने का आरोप लगा था। इसके बाद दिल्ली की राजनीति काफी ज्यादा गर्म हो गई थी। जिसके बाद राजेंद्र पाल गौतम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

विजय सिंगला

पिछले साल मई माह में जब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बने हुए दो माह का ही वक्त हुआ था। तब आप सरकार में नेता विजय सिंगला पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। जिसके बाद आप सरकार ने स्वास्थ मंत्री विजय सिंगला को राज्य मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। तब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि विजय सिंगला अपने विभाग की निविदाओं और खरीद में कथित रूप से एक फीसदी कमीशन मांग रहे थे। साथ ही सीएम भगवंत ने कहा कि सिंगला ने कमीशन मांगने की बात को स्वीकार की है।

आप सरकार में इस्तीफे का दौर

इसके अलावा दिल्ली में आप सरकार की ओर से कानून मंत्री रहे जितेंद्र सिंह तोमर को भी 2015 में अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इस लिस्ट में अगला नाम संदीप कुमार का है। सीडी कांड में फंसने के बाद इन्हें भी अपने मंत्री पद से हाथ धोना पड़ा था। दिल्ली की आप सरकार में संदीप कुमार के पास महिला एंव बाल कल्याण मंत्रालय था। साल 2018 में आप सरकार में आपूर्ति मंत्री आसिम अहमद पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद उन्हें भी अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। 2013 से अब तक केजरीवाल सरकार में 15 विधायकों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे है। जिनमे से अब तक 13 विधायकों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं पंजाब की बात करें तो वहां अभी आप सरकार बने हुए 1 साल भी पूरे भी नहीं हुए और वहां 3 नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं।

Created On :   28 Feb 2023 4:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story