कर्नाटक में बीजेपी को जीत दिलाने के लिए आज से चुनावी रण में उतरेंगे पीएम मोदी, कांग्रेस ने भी झोंकी पूरी ताकत, चुनावी नतीजों में फेरबदल की आशंका

PM Modi will enter the election battle from today to win BJP in Karnataka
कर्नाटक में बीजेपी को जीत दिलाने के लिए आज से चुनावी रण में उतरेंगे पीएम मोदी, कांग्रेस ने भी झोंकी पूरी ताकत, चुनावी नतीजों में फेरबदल की आशंका
किसके सिर पर सजेगा जीत का सेहरा? कर्नाटक में बीजेपी को जीत दिलाने के लिए आज से चुनावी रण में उतरेंगे पीएम मोदी, कांग्रेस ने भी झोंकी पूरी ताकत, चुनावी नतीजों में फेरबदल की आशंका

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री मोदी एक्टिव हो गए हैं। आज से वो दो दिवसीय चुनावी राज्य कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। जहां पर पीएम मोदी 6 रैलियों को संबोधित करेंगे। कर्नाटक चुनाव में अब महज 10 दिनों का ही समय बचा है। जिसे देख भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुनावी मैदान का मोर्चा खुद प्रधानमंत्री मोदी संभालने जा रहे हैं जो कांग्रेस के लिए घाटे का सौदा हो सकता है। 

हालांकि, इस बार कांग्रेस भी पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में बिगुल फूंके हुए है ताकि भाजपा की जीत के रथ को रोका जा सके। लेकिन पीएम मोदी की रैली से कांग्रेस के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, पीएम की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। भले ही इस बार का चुनाव कांग्रेस के पक्ष में दिखता हो लेकिन पीएम मोदी की रैली और रोड शो से उसके वोट प्रतिशत में कमी आ सकती है। विश्लेषकों का ये भी कहना है कि, अगर कांग्रेस मौजूदा बोम्मई सरकार की खामियों को गिनाने में सफल, इन 10 दिनों में हो जाती है तो हो सकता है कि 'हाथ' का जादू प्रदेश की जनता पर चल जाए। 

पीएम की ताबड़तोड़ रैली

आपको बता दें कि, पीएम मोदी आज कर्नाटक दौरे पर पहुंचेंगे। पीएम के तय कार्यक्रम के अनुसार, आज सुबह 11 बजे हुमनाबाग पहुंचेंगे। जिसके बाद धुआंधार रैली को संबोधित करेंगे। सबसे पहले पीएम मोदी दोपहर 1 बजे विजयपुरा और दोपहर 2.45 बजे कुडाची में रैली को संबोधित करेंगे। इन दोनों रैलियों के बाद पीएम मोदी राजधानी बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे। जहां पर वो मेगा रोड शो करेंगे। जिसमें मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई समेत प्रदेश के कई मंत्री मौजूद रहने वाले हैं।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पीएम मोदी ने घेरा

पीएम मोदी इन चुनावी रैलियों में वोटर्स को साधने के लिए कांग्रेस पर हमला कर सकते हैं। हाल ही में पीएम मोदी ने कर्नाटक के 50 लाख बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। जिनमें उन्होंने कांग्रेस पर जुबानी हमला करते हुए कहा था कि, अगर प्रदेश में कांग्रेस आई तो राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ जाएगा। ये पार्टी काम कम और हल्ला ज्यादा मचाती है। इसी बात से अंदेशा लगाया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेर सकते हैं।

कांग्रेस का बीजेपी पर हमला

पीएम मोदी के अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी बीजेपी और प्रदेश सरकार पर हमलावर हैं। राहुल गांधी ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि, बीजेपी 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार है, किसी भी काम को करने के लिए पैसे देने पड़ते हैं। अगर कांग्रेस आती है तो राज्य में विकास की गंगा बहेगी। राहुल ने आगे कहा था कि, कांग्रेस गरीबों और पिछड़ों की पार्टी है लेकिन बीजेपी अमीरों और उद्योगपतियों की पार्टी है। बता दें कि, कर्नाटक के विधानसभा चुनाव 10 मई को होने वाले हैं। जबकि इसके नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे। लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस और भाजपा में से किस पार्टी के सिर पर जीत का सेहरा सजता है। 


 

Created On :   29 April 2023 4:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story