Haryana Politics: 'एक साल के शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा...' AAP ने हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, चण्डीगढ़। हरियाणा में भाजपा सरकार का एक साल पूरा हो गया है। इसको लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी नेता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व केंद्रीय मंत्री खट्टर पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार जनता की नहीं चल रही है बल्कि दिल्ली दरबार के इशारों पर चल रही है। उन्होंने सीएम को डमी बताया है। और कहा कि असली सत्ता और फैसले खट्टर और बीजेपी हाईकमान ले रहा है।
आप नेता ने बताया, "नायब सिंह सैनी के एक साल के शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। NCRB के आंकड़े खुद गवाही दे रहे हैं कि हरियाणा अब देश के सबसे असुरक्षित राज्यों में गिना जा रहा है। महिलाओं के खिलाफ अपराध तेजी से बढ़े हैं, सज़ा दर घट रही है, और अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा। सरकार का ध्यान जनता की सुरक्षा पर नहीं बल्कि राजनीतिक प्रचार पर है। प्रदेश की पुलिस और प्रशासन जनता की रक्षा की जगह भाजपा के नेताओं और कार्यक्रमों की सेवा में लगा है।"
अनुराग ढांडा ने प्रदेश के किसानों के मुद्दे को लेकर कहा, "किसानों के साथ अब तक का सबसे बड़ा विश्वासघात इसी सरकार में हुआ है। 24 फसलों पर MSP की गारंटी की बड़ी-बड़ी घोषणाएं की गईं लेकिन असल में मंडियों में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य से 700 रुपये से 500 रुपये तक कम दाम पर धान बेचने को मजबूर होना पड़ा। गेट पास में देरी, नमी और रंग के नाम पर कटौती, और लिफ्टिंग में भ्रष्टाचार ने किसानों की कमर तोड़ दी है। भाजपा सरकार किसान हितैषी नहीं बल्कि व्यापारी हितैषी है, और किसानों को सिर्फ चुनावी मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रही है।"
उनका कहना है, "शिक्षा, बिजली और रोजगार के मोर्चे पर सरकार का रिकॉर्ड शर्मनाक है। हजारों अध्यापक पद खाली हैं, सैकड़ों स्कूल एक-टीचर पर चल रहे हैं, भर्ती-परीक्षाएं पेपर लीक से बदनाम हो चुकी हैं, और बिजली कटौती से ग्रामीण इलाकों में अंधेरा फैला है। विकास के नाम पर सरकार केवल भाषण दे रही है, ज़मीन पर कुछ नहीं है। सीएम नायब सिंह तो केवल नाम के हैं, सत्ता और निर्णय दूसरों के हाथ में हैं।"
आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ने कहा, "भाजपा की यह सरकार अपराधियों को खुली छूट दे रही है और किसानों, युवाओं और महिलाओं को ठगा जा रहा है। जनता अब इस ढोंग को समझ चुकी है। आम आदमी पार्टी हर गांव, हर गली और हर शहर में इस सरकार की नाकामियों को बेनकाब करेगी और भाजपा को जनता के बीच जवाबदेह बनाएगी। एक साल में भाजपा सरकार ने हरियाणा को असुरक्षा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और किसान विरोधी नीतियों के रास्ते पर धकेल दिया है। लेकिन अब हालात बदलेंगे, जनता सवाल पूछेगी और भाजपा को जवाब देना पड़ेगा।"
Created On :   17 Oct 2025 11:56 PM IST