बिहार सियासत: 'मोदी सरकार के 11 साल बेमिसाल' कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने की शिरक्त, एनडीए सरकार की गिनाईं उपलब्धियां

मोदी सरकार के 11 साल बेमिसाल कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने की शिरक्त, एनडीए सरकार की गिनाईं उपलब्धियां
  • 'मोदी सरकार के 11 साल बेमिसाल' कार्यक्रम में नित्यानंद राय ने की शिरक्त
  • एनडीए सरकार की गिनाईं उपलब्धियां
  • रेल मार्गों का विस्तार भी प्रस्तावित है- नित्यानंद राय

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने गया में आयोजित 'मोदी सरकार के 11 साल बेमिसाल' कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-माला भेंटकर सम्मानित किया। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राय ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया और बिहार के विकास में केंद्र के योगदान को रेखांकित किया।

राय ने बताया कि केंद्र सरकार ने पहले बिहार के लिए 1.30 लाख करोड़ रुपये की योजनाएं दीं, जिससे राज्य का चहुंमुखी विकास हुआ। हाल ही में 3 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि बिहार को आवंटित की गई है, जिससे बिहार का कायाकल्प हो रहा है। नालंदा और विक्रमशिला जैसे ऐतिहासिक विश्वविद्यालयों का पुनर्निर्माण हुआ, पटना में नए हवाई अड्डा टर्मिनल का उद्घाटन हुआ, हजारों किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ और रेल मार्गों का विस्तार भी प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं से बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में व्यापक कार्य हो रहे हैं। बड़े पैमाने पर आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए हैं। काशी विश्वनाथ की तर्ज पर गया में विष्णुपद कॉरिडोर और बोधगया में महाबोधि मंदिर कॉरिडोर के निर्माण की पहल शुरू हो चुकी है।

राय ने जोर देकर कहा कि बिहार अब पुराना बिहार नहीं रहा। नए इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कें और अन्य क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है। आने वाले समय में बिहार और सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। महिलाएं आज समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर आर्थिक विकास में योगदान दे रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े कार्य किए गए हैं।

उन्होंने अंत में कहा कि भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और वैश्विक मंच पर महाशक्ति बनकर उभर रहा है। बिहार भी इस विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

Created On :   12 Jun 2025 7:06 PM

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story