बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण का मतदान जारी, इन चर्चित चेहरों का भविष्य ईवीएम में होगा कैद

पहले चरण का मतदान जारी, इन चर्चित चेहरों का भविष्य ईवीएम में होगा कैद
पहले चरण के मतदान में कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1192 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल हैं। पहले चरण की 102 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं, जबकि 19 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इस चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू हो गई है। पहले चरण के मतदान में कुल 1314 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 1192 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल हैं। पहले चरण की 102 सीटें सामान्य जबकि 19 सीटें एससी आरक्षित हैं। पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1 करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष, 1 करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिलाएं, और 758 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं। यहां जानिए पहले चरण के कुछ चर्चित चेहरे, जो चुनावी मैदान में उतरे है।

राघोपुर विधानसभा से पूर्व डिप्टी सीएम और लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव आरजेडी से उम्मीदवार हैं। महागठबंधन ने इस बार तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है।

तारापुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी चुनावी मैदान में है। उनका मुकाबला आरेजडी के अरुण कुमार से है।

लखीसराय विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर लगातार तीन बार जीतने वाले विजय कुमार सिन्हा एक बार फिर यहां से चुनावी मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के अमरेश कुमार से है।

मोकामा विधानसभा सीट से बाहुबली जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। मोकामा हत्याकांड के बाद इस सीट की चर्चा पूरे देश में है। चुनाव प्रचार के बीच में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

दानापुर विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव चुनावी मैदान में है। रामकृपाल 2024 के लोकसभा चुनाव में पाटलीपुत्र सीट हार गए थे। उन्हें लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने शिकस्त दी थी। रामकृपाल यादव का मुकाबला आरजेडी के रीत लाल राय से है।

महुआ विधानसभा सीट से लालू यादव के बडे़ बेटे तेज प्रताप यादव चुनावी मैदान में हैं।

छपरा विधानसभा सीट से आरजेडी ने महागठबंन की ओर से मशहूर भोजपुरी गायक और अभिनेता शत्रुघ्न यादव उर्फ खेसारी लाल यादव को चुनावी जंग में उतारा है। खेसारी लाल के खिलाफ बीजेपी ने छोटी कुमारी और जनसुराज ने जयप्रकाश सिंह को उतारा है।

अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी की टिकट पर लोक गायिका मैथिली ठाकुर चुनावी मैदान में है। आरजेडी ने विनोद मिश्रा को टिकट दिया है।

रघुनाथपुर विधानसभा सीट से आरजेडी ने बाहुबली शाहबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को टिकट दिया है। जेडीयू ने यहां से विकास कुमार सिंह को उतारा है।

गरखा विधानसभा सीट से लोजपा (आर) के टिकट पर चिराग पासवान के भांजे सीमांत मृणाल चुनावी मैदान में है।


Created On :   6 Nov 2025 9:42 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story