महाराष्ट्र निकाय चुनाव: 'लोकसभा में उन्होंने झूठा नैरेटिव फैलाया, लेकिन...' डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का चुनावी शंखनाद, विरोधियों की आलोचनाओं पर दी प्रतिक्रिया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इसके बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कोल्हापुर से चुनावी शंखनाद कर दिया है। इसके में स्थित रामकृष्ण लॉन्स में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने कहा कि इस चुनाव में महायुती की जीत तय है। उन्होंने विरोधियों पर तीखा हमला करते हुए चेतावनी दी, और कहा, "2 दिसंबर को मतदान, 3 दिसंबर को नतीजे… गुलाल हम ही उड़ाएंगे!"
डिप्टी सीएम ने आगे कहा, "नगरपालिका, जिला परिषद, महापालिका इन तीनों जगहों पर भगवा झंडा फहरना ही चाहिए। मैं हमेशा कार्यकर्ता रहूंगा। शिवसैनिक मेरा देवता है। चलो, एकजुट होकर उतरें और इतिहास को दोहराने के लिए तैयार हो जाओ।" उन्होंने आगे कहा, "शिवसैनिक ही पार्टी की आत्मा है। जो काम करेगा, वही आगे बढ़ेगा। कार्यकर्ताओं के पसीने, निष्ठा और दमदार तैयारी पर ही शिवसेना खड़ी है।"
एकनाथ शिंदे ने सरकार के विकास कार्यों का व्योरा दिया और कहा, "किसानों के लिए 32 हजार करोड़ का मदद पैकेज, कर्जमाफी की प्रक्रिया, महिलाओं के लिए ‘लाडकी बहन’ योजना, बचत समूहों को बढ़ा हुआ फंड, और कोल्हापुर के लिए पंचगंगा शुद्धिकरण परियोजना को 500 करोड़, केशवराव भोसले नाट्यगृह के लिए 25 करोड़ और आईटी पार्क समेत कई बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा की गई है।" उन्होंने आगे कहा, "हम अपना वादा निभाते हैं — यह काले पत्थर पर खींची लकीर है। प्रिंटिंग मिस्टेक वाली सरकारें कहीं और होती हैं, हम काम करके दिखाते हैं"
यह भी पढ़े -'मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि अगर अब कर्जमाफी...' किसानों के मुद्दे पर उद्धव ठाकरे ने सीएम फडणवीस पर साधा निशाना
उपमुख्यमंत्री ने विरोधियों की आलोचनाओं के जवाब में कहा, "लोकसभा में उन्होंने झूठा नैरेटिव फैलाया, लेकिन विधानसभा में हमने उनकी गाड़ी पलट दी। अब नगरपालिकाओं में भी उनका सफाया होगा। महाराष्ट्र की जनता ने दिखा दिया कि उनकी ‘मुगलई’ अब नहीं चलेगी। कोल्हापुर की धरती कुश्ती की ताकत रखती है, विरोधियों को सीधा धोबी पछाड़ दीजिए।"
उनका आग कहना है, "गांव-गांव में शिवशाही, घर-घर में शिवशक्ति. मतदाता सूची जांचो, हर समर्थक का नाम रहना चाहिए। बूथ प्रमुख ही असली विजेता होता है। चुनाव में ही नहीं, संकट के वक्त भी कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहो। सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन नाम और मान चला गया तो वापस नहीं आता।"
एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा, "शिवसेना कोई पार्टी नहीं बल्कि परिवार है। हम लोगों को प्रेम देते हैं। रोज सैकड़ों लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। 102 समूह प्रवेश की प्रतीक्षा में हैं। शिवसेना पर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। विरोधियों की जमानत जब्त हुए बिना नहीं रहेगी। 3 दिसंबर को महाराष्ट्र में दिवाली से भी बड़े पटाखे फूटेंगे!"
Created On :   6 Nov 2025 12:19 AM IST












