Bharat Tiwari Encounter Case: पप्पू यादव ने भरत तिवारी मामले को लेकर तेजस्वी यादव पर उठाए सवाल, विपक्ष नेता क्यों हैं खामोश?

डिजिटल डेस्क, पटना। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव रविवार (26 जुलाई) को बिहार के भोजपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा वह विधानसभा में नेता विपक्ष बने हैं उनकी जो भूमिका है वह सही से नहीं कर रहे हैं। पप्पू यादव ने उनके परिवार वालों को आर्थिक सहायता का भरोसा दिया और न्याय की लड़ाई में साथ खड़े का वादा किया।
सांसद पप्पू यादव ने कहा, ''भरत तिवारी का मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे बिहार में न्याय और कानून व्यवस्था से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन चुका है। इतने दिनों के बाद भी दोषी अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और पीड़ित परिवार आज भी न्याय का इंतजार कर रहा है। परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है और लगातार भय के माहौल में जी रहा है।''
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने आगे कहा, ''जो नेता पहले 24 घंटे का अल्टीमेटम देने की बात करते थे, वे अब इस मामले में पूरी तरह खामोश हैं. जब छात्र आंदोलन चल रहा था, सैकड़ों छात्र जेल गए और कई लोग घायल हुए, तब विपक्ष को मजबूती से आवाज उठानी चाहिए थी.'' उन्होंने सवाल किया कि भरत तिवारी मामले में विपक्ष आखिर सक्रिय क्यों नहीं दिख रहा है?'।'
पूर्णिया सांसद ने कहा, ''भरत तिवारी का मुद्दा अब केवल भोजपुर या बिहार तक सीमित नहीं रह गया है। देश के विभिन्न राज्यों में लोग इस मामले के बारे में पूछ रहे हैं। यदि राज्य में न्याय नहीं मिला तो वह इस मामले को लोकसभा में प्रमुखता से उठाएंगे और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक भी जाएंगे। मेरा संकल्प है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वह इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।''
पप्पू यादव ने कहा दोषी चाहे किसी भी पद पर हों, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उम्मीद है कि सरकार न्याय सुनिश्चित करेगी और पीड़ित परिवार को उचित राहत मिलेगी।
Created On :   26 July 2026 9:15 PM IST








