Datia Bypoll 2026: शिवराज सिंह ने दतिया में चुनावी रैली को किया संबोधित, कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप

शिवराज सिंह ने दतिया में चुनावी रैली को किया संबोधित, कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप
रविवार को एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उनका ये कार्यक्रम दतिया के बसई में आयोजित था।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने वाली है। इस सीट पर राजनीति माहौल गरमाया हुआ है। इस बीच रविवार को एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उनका ये कार्यक्रम दतिया के बसई में आयोजित था। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है साथ ही बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को समर्थन देने की बात कही है।

कांग्रेस पर किया जोरदार हमला

शिवराज सिंह ने कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि ये भ्रम फैलाने का काम करती है। कभी भी जनता का भला नहीं सोच सकती है। उन्होंने कहा, "दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत तय है और 30 जुलाई को जनता कमल का बटन दबाकर विकास के पक्ष में मतदान करेगी।" उनके साथ मंच पर एमपी कैबिनेट में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी मौजूद थे।

ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में डकैतों का आतंक

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए कहा, "कांग्रेस शासन के दौरान ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में डकैतों का आतंक था और अपहरण एक उद्योग बन चुका था। उस दौरान मुख्यमंत्री बनने के बाद हमने संकल्प लिया था कि प्रदेश में या तो डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान, दोनों साथ नहीं रह सकते। इसके बाद डकैतों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया।" उन्होंने पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासन काल में राज्य की सड़कें बदहाल, बिजली-पानी की बड़ी समस्या और शिक्षा व्यवस्था भी बेहत ही कमजोर थी।

'विकास की ओर राज्य'

शिवराज सिंह का कहना है, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई गति से आगे बढ़ रहा है। दतिया में मेडिकल कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज, फिशरीज कॉलेज, अस्पतालों को अपग्रेड करने और पीतांबरा पीठ क्षेत्र के विकास जैसे कार्य भाजपा सरकार की देन हैं।"

Created On :   26 July 2026 10:42 PM IST

Tags

Next Story