प्रधानमंत्री ने किया देश को संबोधित: मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को मिली प्रचंड बहुमतों से जीत, बीजेपी मुख्यालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया देश को संबोधित

मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को मिली प्रचंड बहुमतों से जीत, बीजेपी मुख्यालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया देश को संबोधित
  • मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को मिली जीत
  • जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया देश को संबोधित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे बड़े राज्यों में विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमतों के साथ एकतरफा जीत हासिल की। तीनों ही राज्यों में पार्टी की शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी दिल्ली में स्थित भाजपा मुख्यालय में पहुंचकर देश को संबोधित किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।अपने इस संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मानवता और ईमानदारी की जीत हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मेरी माताओं-बहनों-बेटियों, युवा साथियों, किसानों ने जो निर्णय दिया है, उनके सामने मैं नतमस्तक हूं। इस देश को जातियों में बांटने की बहुत कोशिश हुई। लेकिन मैं लगातार कहता था कि मेरे लिए देश में चार जातियां ही सबसे बड़ी जातियां हैं। जब मैं चार जातियों की बात करता हूं हमारी नारी शक्ति, हमारी युवा शक्ति, हमारे किसान और हमारे गरीब परिवार। इन चार जातियों को सशक्त करने से ही देश सशक्त होने वाला है। आज बड़ी संख्या में हमारे ओबीसी साथी इसी वर्ग से आते हैं। आज बड़ी संख्या से हमारे साथी इसी वर्ग में आते हैं। इन चुनावों में इन चारों जातियों ने भाजपा की योजनाओं और भाजपा के रोडमैप को लेकर बहुत उत्साह दिखाया है। आज हर गरीब कह रहा है..वह खुद जीता है। आज हर किसान यही कहता है..यह चुनाव हर किसान जीता है। आज हर आदिवासी भाई बहन यह सोचकर खुश है.. जिसे उसने वोट दिया वह विजयी है।"

उन्होंने आगे कहा, "नारी शक्ति का विकास भाजपा के विकास का एक महत्वपूर्ण स्तंभ भी है। इस चुनाव में माताओं-बहनों-बेटियों ने भाजपा की जीत की जिम्मेदारी अपने हाथ में ली थी। मैं आज पूरी विनम्रता से देश की बहन-बेटी से यही कहूंगा कि भाजपा ने आपसे जो वादे किए हैं, वो शत प्रतिशत पूरे किए जाएंगे। यह मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी।"

पीएम मोदी ने कहा, "चुनाव नतीजों ने एक बात और स्पष्ट की है। देश का युवा सिर्फ और सिर्फ विकास चाहता है। जहां भी सरकारों ने युवाओं के खिलाफ काम किया है, वह सरकारें सत्ता से बाहर हुई हैं। चाहे राजस्थान हो, छत्तीसगढ़ हो या तेलंगाना हो। ये सभी सरकारें पेपर लीक और भर्ती घोटालों के आरोपों में घिरी हुई थीं। परिणाम यह हुआ कि आज ये दल सत्ता से बाहर हैं। देश में भरोसा बढ़ रहा है कि भाजपा उसकी आकांक्षा को समझता है, उसके लिए काम करता है।' प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 'जिस कांग्रेस सरकार ने आदिवासी समाज को पूछा तक नहीं, उस आदिवासी समाज ने उसका सफाया कर दिया। आज यही भावना हमने छत्तीसगढ़, राजस्थान में देखी है। इन राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। आदिवासी समाज आज विकास के लिए आकांक्षी है। उसे भरोसा है कि इस आकांक्षा को सिर्फ और सिर्फ भाजपा पूरी कर सकती है।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं तेलंगाना की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। हर चुनाव में तेलंगाना में भाजपा का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मैं तेलंगाना के लोगों को यह विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा आपकी सेवा में कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।"

उन्होंने कहा, "इन परिणामों की गूंजा दूर तक जाएगी। पूरी दुनिया में इन चुनाव परिणामों की गूंज सुनाई देगी। यह चुनाव परिणाम दुनियाभर के निवेशकों को नया भरोसा देगा। आजादी के अमृतकाल में विकसित भारत को जो सपना हमने देखा है, उसे लगातार जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। आज दुनिया देख रही है कि भारत का लोकतंत्र और मतदाता कितने परिपक्व हैं। आज दुनिया देख रही है कि भारत की जनता पूर्ण बहुमत के लिए स्थिर सरकार के लिए सोझ समझकर वोट कर रही है।"

पीएम मोदी ने कहा, "भाजपा ने सेवा और सुशासन की राजनीति का नया मॉडल देश के सामने पेश किया है। हमारी नीति और निर्णयों के मूल में देश और देशवासी हैं। इसलिए भाजपा सरकारें सिर्फ नीतियां नहीं बनाती, बल्कि हर हकदार हर लाभार्थी तक वह पहुंचे, यह भी सुनिश्चित करती है। भाजपा परफॉर्मेंस और डिलीवरी की राजनीति देश के सामने लेकर आई है। भारत का मतदाता जानता है कि स्वार्थ क्या है, जनहित और राष्ट्रहित क्या है। दूध और पानी का भेदभाव देश जानता है। जैसे-तैसे जीतने के लिए हवा-हवाई बातें करना और लोभ लालच की घोषणा करना, यह मतदाता को पसंद नहीं आता है। मतदाता को उसका जीवन बेहतर करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप चाहिए। एक भरोसा चाहिए। भारत का वोटर यह जानता है जब भारत आगे बढ़ता है तो राज्य आगे बढ़ता है। हर परिवार का जीवन बेहतर होता है। इसलिए वह भाजपा को चुन रहा है। लगातार चुन रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "कुछ लोग तो कह रहे हैं कि आज की इस हैट्रिक ने 2024 की हैट्रिक की गारंटी दे दी है। आज के जनादेश ने यह भी साबित किया है कि भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद को लेकर देश के भीतर, देश के हर नागरिक के दिल में जीरो टॉलरेंस बन रही है। आज देश को लगता है कि इन तीन बुराइयों को खत्म करने में अगर कोई प्रभावी है, तो वह भाजपा ही है। भाजपा की केंद्र सरकार ने देश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जो अभियान छेड़ रखा है, उसको भारी जनसमर्थन मिल रहा है। यह उन दलों, नेताओं को मतदाता की साफ-साफ चेतावनी है, जो भ्रष्टाचारियों के साथ खड़े होने में जरा भी शर्म महसूस नहीं करते। उन लोगों को आज देश की जनता ने साफ-साफ संदेश दे दिया है।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "ऐसे लोग जो भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करने वाली जांच एजेंसियों पर प्रहार करने में जुटे हैं, वे समझ लें कि ये चुनाव नतीजे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का भी जनसमर्थन है। ये चुनाव नतीजे कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के लिए बड़ा सबक है। ये सबक है कि सिर्फ कुछ परिवारवादियों के मंच पर एक साथ आ जाने से फोटो कितनी अच्छी निकल जाए, देश का भरोसा नहीं जीता। देश की जनता का दिल जीतने के लिए राष्ट्रसेवा का जज्बा होना चाहिए और घमंडिया गठबंधन में वो रत्ती भर भी नजर नहीं आता है।"

उन्होंने आगे कहा, "आज के ये नतीजे उन ताकतों को भी चेतावनी है जो प्रगति और जनकल्याण की राजनीति के खिलाफ खड़े रहते हैं। जब भी विकास होता है, कांग्रेस और उसके साथी विरोध करते हैं। जब हम वंदे भारत लॉन्च करते हैं तो कांग्रेस और उसके साथी मजाक उड़ाते हैं, जब हम गरीबों के लिए घर बनाते हैं तो वे रुकावट डालते हैं, जब हम नल से जल की योजना बनाते हैं तो वे इस पर रोडा डालते हैं। ऐसी सभी पार्टियों को आज गरीबों ने चेतावनी दी है। सुधर जाइए, सुधर जाइए, वर्ना जनता आपको चुन-चुनकर साफ कर देगी।"

Created On :   3 Dec 2023 2:41 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story