लोकसभा चुनाव 2024: सत्ता में आने पर पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा-स्टालिन

सत्ता में आने पर पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा-स्टालिन
  • इंडिया गठबंधन का वादा
  • डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने किया ऐलान
  • केंद्र शासित प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में प्रचार जुटे डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को कहा कि अगर इंडिया गठबंधन सत्ता में आता है तो पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा। कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा सांसद वी वैथिलिंगम के पक्ष में प्रचार करते हुए चुनावी रैली को संबोधित कर रहे रहे सीएम स्टालिन ने कहा कि डीएमके और कांग्रेस पुडुचेरी को पूर्ण राज्य बनाने को लेकर दृढ़ संकल्पित हैं। आपको बता दें पुडुचेरी की एकमात्र सीट के लिए चुनाव पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के साथ 19 अप्रैल को होगा।

सीएम स्टालिन ने पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी को केंद्र के हाथों की कठपुतली बताया। उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि न केवल तमिलनाडु जैसे बड़े राज्यों के अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए, बल्कि पुडुचेरी जैसे केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारों की भी रक्षा की जानी चाहिए।

पुडुचेरी में कानून एवं व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताते हुए स्टालिन ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में नौ वर्षीय बच्ची के यौन उत्पीड़न और हत्या की वारदात ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। पुडुचेरी में कानून व्यवस्था खराब है। बीजेपी के शासन के दौरान देश में महिलाओं को कोई सुरक्षा नहीं थी।

स्टालिन ने कहा केंद्र में भाजपा के 10 साल के शासनकाल में पुडुचेरी को कोई फायदा नहीं हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल धर्म और जाति के नाम पर प्रचार कर रहे हैं। मोदी ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और कमजोर वर्गों की दशा सुधारने के लिए कोई उपाय नहीं किया है बल्कि धर्म और जाति के नाम पर प्रचार कर रहे हैं। कराईकल के मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा कठिनाइयों और गिरफ्तारी का सामना करना पड़ा और मछुआरों के कष्टों को रोकने के लिए प्रधानमंत्री ने क्या उपाय किए। प्रधानमंत्री ने केंद्र शासित प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ पुडुचेरी बनाने के अपने वादे को पूरा करने के लिए कुछ भी नहीं किया।

Created On :   7 April 2024 9:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story