शिवपाल यादव का ओपी राजभर पर तंज, कहा - उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर...

शिवपाल यादव का ओपी राजभर पर तंज, कहा - उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर...
शिवपाल यादव का ओपी राजभर पर तंज

डिजिटल डेस्क, मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। इसके प्रचार के लिए सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव भी डटे हैं। शुक्रवार को उन्होंने सुधाकर सिंह के पक्ष में प्रचार किया और एनडीए में शामिल हुए सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ओपी राजभर की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजभर को पुराने दिनों को याद करना चाहिए। जब वो भाजपा नेताओं के लिए कुछ भी बोलते रहते थे। आज वही काम वो अखिलेश यादव के लिए कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि घोसी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह की रिकॉर्ड जीत होगी। जनता इस बार दल-बदलुओं को सबक सिखाएगी। एक सवाल के जवाब में सपा नेता ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर की बोली को आपलोग पहले सुने होंगे। वह पहले प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को गुजरात भेज रहे थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को गोरखपुर भेज रहे थे। अब, उन्हीं के साथ जाकर मिल गए। ऐसे में उनकी कथनी और करनी में बहुत अंतर है।

इस दौरान शिवपाल यादव ने सपा छोड़कर भाजपा में गए पूर्व विधायक उमेश पांडेय पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जितने भी लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं, वो सभी दल-बदलू हैं। अगर उन्हें इतना ही कष्ट था तो फिर सपा के टिकट पर चुनाव क्यों लड़ा था। जनता इन दल-बदलुओं को उपचुनाव में और आगे भी सबक सिखाएगी। घोसी से पहले आजमगढ़ पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने यूपी सरकार पर भी बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।

सदन में सीएम योगी से मिली तारीफ पर शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा फूट डालो की रणनीति पर काम करती है। वह उनका फूट डालने का ही एक कदम था। इंडिया गठबंधन के सवाल पर कहा कि विपक्ष 2024 में मजबूती से चुनाव लड़ते हुए भाजपा को हराएगा।

(आईएएनएस)

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Aug 2023 4:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story