लोकसभा चुनाव 2024: कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चली लाठी-हॉकी, वार्ड नम्बर 25 मराठी स्कूल के सामने विवाद

कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चली लाठी-हॉकी, वार्ड नम्बर 25 मराठी स्कूल के सामने विवाद
  • छिंदवाड़ा में 19 अप्रैल को हुआ पहले चरण का मतदान
  • मतदान केंद्र में भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में हुई झड़प
  • एक दूसरे पर लाठी और हॉकी से किया हमला

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। लोकसभा चुनाव के मतदान के दिन वार्ड नम्बर 25 छत्रपति शिवाजी वार्ड राजपाल चौक में मतदान केन्द्र के सामने कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। विवाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान जमकर हॉकी और डंडे चले। विवाद के दौरान धारदार कटर चलने की भी बात सामने आ रही है। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। विवाद के दौरान दोनों पार्टियों के पर्ची काउंटरों में तोडफ़ोड़ भी हुई थी।

टीआई उमेश गोल्हानी ने बताया कि राजपाल चौक स्थित मराठी स्कूल के समीप भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान मारपीट हुई है। कुछ लोगों को चोट आई है। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा लिया है। एहतियात के तौर पर देर रात तक मौके पर पुलिस बल मौजूद था।

पुलिस और भाजपा नेता के बीच बहस

पोलिंग बूथ के समीप विवाद की सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और यहां लगी भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान भाजपा नेता विजय पांडे और पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर बहस भी हुई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद थी।

बलवे की धाराओं के तहत मामला दर्ज

टीआई उमेश गोल्हानी ने बताया कि अभिषेक गुप्ता की शिकायत पर विजय पांडे, शिखर पांडे, आशीष उर्फ पप्पू राय, गौरव चौरसिया, प्रशांत उर्फ बापू गायकवाड़, नितिन गौहर, दरेश मालवी, अनिल बोरले के खिलाफ धारा294, 323, 506, 147, 139, 341 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरी शिकायत जितेन्द्र पिता अर्जुन गौहर ने की है। जितेन्द्र की शिकायत पर अभिषेक गुप्ता, यश गुप्ता, वंश गुप्ता, अजय साहू, हर्षित दाढ़े, योगेश सावले, अंश गुप्ता, भरत, ऋषि दोइफोड़े, विकास सोनटके, साहिल चौहान, विक्की कराड़े, वेदांत भट्ट, लक्की चौधरी और आशा गुप्ता के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 147, 139 व एसटीएससी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यहां भी बनी विवाद की स्थिति

मतदान के दौरान नरसिंहपुर रोड स्थित भारत भारती स्कूल के समीप भी विवाद की स्थिति बनी थी। कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच बहस हो गई थी। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो रही थी। गनीमत है कि यहां आपस में मारपीट की नौबत नहीं आई।

Created On :   20 April 2024 9:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story