- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- शिंदेवाड़ी में हर घर पर लगे क्यूआर...
Pune News: शिंदेवाड़ी में हर घर पर लगे क्यूआर कोड, घर बैठे मिलेंगी सात सेवाएं

भास्कर न्यूज, पुणे। ग्राम पंचायत शिंदेवाड़ी ने नागरिकों की सुविधा के लिए सात ऑनलाइन सेवाएं देना शुरू की गई हैं। इसके लिए वहां हर घर में क्यूआर कोड लगाए गए हैं। नागरिक घर बैठे उसे स्कैन कर निर्धारित प्रमाण पत्र ले सकते हैं। अब जन्म-मृत्यु, विवाह रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, ग्राम पंचायत नमूना क्रमांक 8, गरीबी रेखा से नीचे संबंधी प्रमाण पत्र, ग्राम पंचायत से कोई बकाया न होने और निराश्रित होने जैसे प्रमाण पत्र मोबाइल फोन पर प्राप्त किए जा सकते हैं।
जिला परिषद सीईओ गजानन पाटिल की पहल पर शुरू की गई पर नागरिकों को बड़ी राहत मिलने लगी है। पहले उक्त प्रमाण पत्र पाने के लिए ग्राम पंचायत ऑफिस के चक्कर लगाना पड़ते थे, वहीं अब यह काम घर बैठे सिर्फ कुछ क्लिक से हो सकेगा। नई सुविधा से नागरिकों का समय, पैसा और मेहनत काफी हद तक बचेगी।
देरी हो तो घबराएं नहीं
ग्राम पंचायत शिंदेवाड़ी ने हर घर पर क्यूआर कोड लगाए हैं। नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से वेबसाइट shindewadi.in पर लॉगिन करके सीधे सात ऑनलाइन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। कभी-कभी सर्वर डाउन होना, इंटरनेट की धीमी गति या गलत जानकारी भरने के कारण जन्म प्रमाण पत्र तुरंत नहीं मिलता। ऐसे समय घबराने की जरूरत नहीं है। लोग शिंदेवाड़ी ग्राम पंचायत से संपर्क करें। जानकारी ठीक करके दोबारा आवेदन करने पर प्रमाण पत्र बिना किसी अड़चन के मिल जाएगा। ऑनलाइन सुविधा शुरू होने से स्कूल में एडमिशन, स्कॉलरशिप आवेदन, पासपोर्ट बनवाने या विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। अब घर पर लगा क्यूआर कोड स्कैन करके डिजिटल रूप से वे प्रमाण पत्र मोबाइल फोन पर डाउनलोड कर सकते हैं।
मोबाइल से प्रमाण पत्र मिलने के फायदे
समय की बचत- अब ग्राम पंचायत कार्यालय में लाइन में लगने की जरूरत नहीं।
पैसे की बचत- यात्रा खर्च और अन्य खर्चों से बचत।
सरल और तेज प्रक्रिया- प्रमाण पत्र तुरंत मिलता है।
ग्रामीणों के लिए वरदान- शहर में रहने वाले गांव के लोग भी घर बैठे प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
सात ऑनलाइन सेवा प्रमाण पत्र सुविधा के तहत ग्राम पंचायत पोर्टल पर डेटा सुरक्षा के लिए विशेष तकनीक का उपयोग किया गया है। इसमें नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रहती है और दस्तावेजों के नकली होने की संभावना बहुत कम होती है, साथ ही प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होने से पारदर्शिता बढ़ती है काम में तेजी आती है।
भूषण जोशी, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी, ग्राम पंचायत, जिला परिषद
Created On :   10 Nov 2025 3:26 PM IST












