Pune City News: विज्ञान ब्रह्मांड में व्याप्त कंपनों की व्याख्या करता है, जबकि संगीत अर्थ प्रदान करता है

विज्ञान ब्रह्मांड में व्याप्त कंपनों की व्याख्या करता है, जबकि संगीत अर्थ प्रदान करता है
पुलोत्सव में पद्मभूषण पंडित अजय चक्रवर्ती को पुल स्मृति सम्मान प्रदान

भास्कर न्यूज, पुणे। विज्ञान और संगीत दोनों ही सत्य के अन्वेषक हैं। विज्ञान ब्रह्मांड में व्याप्त कंपनों की व्याख्या करता है, जबकि संगीत उन कंपनों को अर्थ प्रदान करता है। विज्ञान में कंपन ऊर्जा उत्पन्न करते हैं, जबकि संगीत में वे कंपन आनंद उत्पन्न करते हैं। विज्ञान और कला दोनों ही हमें शांति के सुरों की ओर ले जाते हैं। पुल स्मृति सम्मान समारोह में पंडित अजय चक्रवर्ती की धुनों और पु. ल. देशपांडे के शब्दों ने भावना और बुद्धि, जुनून और तर्क, गीत और ज्ञान का सुंदर मेल कराया है। यह विचार वैज्ञानिक पद्म विभूषण डॉ. रघुनाथ माशेलकर ने व्यक्त किया। मौका था ग्लोबल पुलोत्सव का, पद्मभूषण पंडित अजय चक्रवर्ती को डॉ. रघुनाथ माशेलकर के हाथों पुल स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।

- जब निराश होता हूं, तो पु.ल. सुनता हूं...पढ़ता हूं...

बालगंधर्व रंगमंदिर में आयोजित समारोह में माशेलकर ने कहा कि जब मैं पु.ल. से व्यक्तिगत रूप से मिला, तो मेरी स्थिति ईश्वर के समक्ष बैठे पुजारी जैसी थी। हालांकि मैं एक वैज्ञानिक हूं, मेरा दृढ़ विश्वास है कि जब ईश्वर अपने खाली समय में किसी व्यक्ति का सृजन करता है, तो पु.ल. जैसा व्यक्तित्व जन्म लेता है। आज भी, जब मैं निराश होता हूं तो पुल को पढ़ता या सुनता हूं। इसके बाद तनावमुक्त महसूस करता हूं।

- पु.ल. सम्मान मेरे लिए गुरु का आशीर्वाद

पंडित अजय चक्रवर्ती ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संगीत है। इसे विश्व की मुख्यधारा में लाने के लिए कार्य करना आवश्यक है। मैं आज भी स्वयं को संगीत के क्षेत्र का विद्यार्थी मानता हूं। पिछले 68 वर्षों से मैं संगीत का अध्ययन कर रहा हूं और इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा हूं। पु. ल. देशपांडे जैसे वंदनीय सर्वांगीण व्यक्तित्व के नाम पर प्राप्त यह सम्मान, मेरी दृष्टि में गुरु का आशीर्वाद है। यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है और मैं इसे अत्यंत कृतज्ञतापूर्वक स्वीकार करता हूं। महोत्सव के स्वागत अध्यक्ष कृष्णकुमार गोयल, पु. न. गाडगिल के वरिष्ठ प्रबंधक सतीश कुबेर, संयोजक सतीश जकातदार, वीरेंद्र चित्राव मंच पर उपस्थित थे।

Created On :   10 Nov 2025 3:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story