Pune City News: स्वर्ण पदक विजेता पहलवान को हर महीने 50 हजार देंगे चंद्रकांत पाटिल

स्वर्ण पदक विजेता पहलवान को हर महीने 50 हजार देंगे चंद्रकांत पाटिल
पहलवान सनी फूलमाली की जिम्मेदारी ली

भास्कर न्यूज, पुणे। उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने स्वर्ण पदक विजेता पहलवान सनी फूलमाली को हर महीने 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। पाटिल रविवार को लोहगांव के उस तंबू में पहुंचे, जहां सनी और उसका परिवार रहता है। वहां उन्होंने सनी का पालकत्व स्वीकार किया।

कठिन परिस्थितियों के बावजूद दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत से बहरीन में आयोजित एशियाई युवा कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहलवान सनी फुलमाली का जीवन इस उपलब्धि से बदल गया है। मंत्री ने सनी का घर बनवाने और अभ्यास के लिए प्रशिक्षण, शिक्षा के लिए हरसंभव मदद और हर महीने 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। पाटिल ने बताया कि वे यह राशि अपने वेतन और पत्नी अंजलि (ऑडिटर) की आय से देंगे।

सनी की सफलता बेहद सराहनीय

पाटिल ने कहा कि दृढ़ संकल्प, लगन और कड़ी मेहनत से अर्जित सनी की सफलता बेहद सराहनीय है। उसने प्रदर्शन से माता-पिता को गौरवान्वित किया है। सिर पर छत न होने के बावजूद उसने तंबू में रहकर शानदार प्रदर्शन किया है। इस अवसर पर सनी के कोच सदाशिव राखपासरे, भाजपा क्रीड़ा विभाग के प्रदेश अध्यक्ष संदीप भोंडवे और पूर्व नगरसेवक बॉबी टिंगरे सहित स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

सनी के लिए घर और पहलवानों का अखाड़ा बनवाएंगे

मंत्री बोले कि वे जनसहभागिता से सनी के लिए घर और सभी पहलवानों के लिए प्रशिक्षण मैदान बनवाएंगे। सनी शिक्षा पूरी करे और कुश्ती पर ध्यान केंद्रित करे और ओलिंपिक में भी स्वर्ण पदक जीते।

17 साल से कम के खिलाड़ियों को भी सरकारी नौकरी देने का प्रयास करेंगे

अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एथलीटों को सरकारी सेवा में शामिल करने का निर्णय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यकाल में लिया गया है। हालांकि, यह निर्णय 17 साल से ज्यादा आयु के खिलाड़ियों के लिए है, इसलिए पाटिल ने कहा कि वे 17 साल से कम आयु वाले खिलाड़ियों को भी सरकारी नौकरी में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे।

Created On :   10 Nov 2025 4:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story