Pune City News: जात वैधता प्रमाणपत्र के लिए 11 नवंबर को मोर्चा

जात वैधता प्रमाणपत्र के लिए 11 नवंबर को मोर्चा
आदिवासी कोली महादेव, डोंगर कोली, कोली मल्हार, टोकरी कोली, कोली ढोर संघर्ष समिति का निर्णय

भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य में आदिवासी कोली महादेव, डोंगर कोली, कोली मल्हार, टोकरी कोली और कोली ढोर समाज के लोगों के जाति वैधता प्रमाणपत्र रद्द किए जाने के विरोध में अब आंदोलन तेज होने जा रहा है। इस संबंध में 11 नवंबर को पुणे स्थित आदिवासी संशोधन व प्रशिक्षण संस्थान (TRTI) के कार्यालय पर विशाल मोर्चा निकाला जाएगा।

मोर्चा सुबह 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय के सामने स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा से शुरू होगा। संघर्ष समिति ने ऐलान किया है कि आगामी विधानसभा अधिवेशन के दौरान 500 कार्यकर्ता आमरण अनशन करेंगे।

पुणे श्रमिक पत्रकार संघ में आयोजित पत्रकार परिषद में यह जानकारी दी गई। आद्य क्रांतिकारी राघोजी भांगरे प्रणीत आदिवासी कोली महादेव, डोंगर कोली, कोली मल्हार, टोकरी कोली, कोली ढोर जमाती संघर्ष समिति की ओर से यह परिषद आयोजित की गई।

संघर्ष समिति के नेताओं ने बताया कि महाराष्ट्र के विस्तारित (OTSP) क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी कोली समाज के लोगों को अनुसूचित जनजाति प्रमाणपत्र नहीं दिए जा रहे हैं। इसके विपरीत, जनजातीय बहुल (TSP) क्षेत्रों के लोगों को तुरंत वैधता प्रमाणपत्र जारी किए जाते हैं। OTSP क्षेत्र के लोगों के प्रमाणपत्र आवेदन वर्षों तक लंबित रखे जाते हैं और बाद में खारिज कर दिए जाते हैं।

समिति ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में लगभग 1.05 करोड़ आदिवासी कोली जनसंख्या में से 43 लाख TSP क्षेत्रों में और 63 लाख OTSP क्षेत्रों में रहते हैं, लेकिन OTSP क्षेत्र के लोगों को न तो न्याय मिल रहा है और न ही विकास के लाभ।

वर्तमान में इन क्षेत्रों से 25 विधायक और 4 सांसद चुने जाते हैं, जिनमें से केवल एक विधायक विस्तारित क्षेत्र से आता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से मिलने वाला 9.4% जनजातीय विकास निधि भी असमान रूप से खर्च की जाती है - 4% आबादी के क्षेत्र पर ही ध्यान दिया जाता है जबकि बाकी के लिए फंड का उपयोग अन्य विभागों में कर दिया जाता है।

संघर्ष समिति ने कहा कि, पिछले 50–60 वर्षों से हमें हक का विकास नहीं मिला है। अब न्याय की लड़ाई सड़कों पर लड़ी जाएगी।

Created On :   8 Nov 2025 7:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story