Pune City News: उद्योगनगरी में बढ़ा डिजिटल कर भुगतान का रुझान

उद्योगनगरी में बढ़ा डिजिटल कर भुगतान का रुझान
3 लाख 93 हजार संपत्ति धारकों ने ऑनलाइन भरा प्रॉपर्टी टैक्स

भास्कर न्यूज़, पिंपरी चिंचवड़। पिंपरी चिंचवड़ मनपा के कर निर्धारण और कर संकलन विभाग द्वारा चलाए गए जनजागरण अभियान तथा सरल ऑनलाइन कर भुगतान प्रणाली के चलते नागरिक अब तेजी से डिजिटल माध्यमों की ओर बढ़ रहे हैं। इस वर्ष 1 अप्रैल से 6 नवंबर 2025 के बीच कुल 7 लाख 40 हजार संपत्ति धारकों में से 4 लाख 77 हजार 284 नागरिकों ने संपत्ति कर भरा है, जिनमें से 3 लाख 93 हजार 771 लोगों ने ऑनलाइन माध्यम का उपयोग किया। मनपा ने पिछले कुछ वर्षों में कर भुगतान प्रक्रिया को सुविधाजनक, पारदर्शक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। “ऑनलाइन कर भरें” अभियान के तहत नागरिकों को डिजिटल भुगतान के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान एसएमएस, सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थलों पर घोषणाओं के माध्यम से जनजागरूकता फैलाई गई। इन प्रयासों का परिणाम यह रहा कि अब नागरिक कार्यालयों में भीड़ लगाने के बजाय घर बैठे ही कर चुका रहे हैं।

- अब तक वसूला गया 631.66 करोड़ रुपये का टैक्स

मनपा की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से नागरिक अपनी संपत्ति की जानकारी, बकाया राशि, भुगतान की पावती और विभिन्न रियायतों का विवरण एक ही जगह देख सकते हैं। सुरक्षित भुगतान और सहज प्रक्रिया के चलते नागरिकों का विश्वास इस डिजिटल प्रणाली पर लगातार बढ़ रहा है। बहरहाल मनपा ने चालू आर्थिक वर्ष 2025–26 के दौरान 1 अप्रैल से 6 नवंबर 2025 तक 631 करोड़ 66 लाख रुपये का कर वसूल किया है। इनमें से 515 करोड़ रुपए का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से हुआ है।

पिंपरी चिंचवड़ के नागरिक डिजिटल साधनों का बेहतरीन उपयोग कर रहे हैं। ऑनलाइन भुगतान प्रणाली से न केवल पारदर्शकता बढ़ी है, बल्कि कर संकलन की गति भी तेज हुई है। आने वाले समय में इस प्रणाली को और अधिक उपयोगी एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा।

- पंकज पाटिल, उपायुक्त, पिंपरी चिंचवड़ मनपा

- विभिन्न माध्यमों से कर वसूली इस प्रकार हुई:

ऑनलाइन भुगतान: ₹515 करोड़

नकद: ₹43 करोड़ 20 लाख

चेक: ₹38 करोड़ 66 लाख

डिमांड ड्राफ्ट: ₹1 करोड़ 89 लाख

ईडीसी: ₹6 लाख

Created On :   8 Nov 2025 5:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story