- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- अंडाभुर्जी के ठेले पर हुए मामूली...
Pune City News: अंडाभुर्जी के ठेले पर हुए मामूली विवाद से रची गई थी हत्या की साजिश

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। अंडाभुर्जी का ठेला लगाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की अपराध शाखा की फिरौती विरोधी टीम ने इस सनसनीखेज मामले का भंडाफोड़ करते हुए एक किशोर गिरोह को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में दो पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच के दौरान पुलिस को थेरगांव के साहिल विश्वनाथ बारणे (उम्र 24) का कनेक्शन भी मिला है, जिसके पास से एक और पिस्तौल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, वाघोली निवासी रवी ससाणे और सांगवी के आरोपी समूह के बीच औंध के एक मॉल के पास अंडाभुर्जी का ठेला लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते आर्यन फंड (19, रांजनगांव) और गुरु सिंह (23, मध्य प्रदेश) समेत छह नाबालिगों ने रवि ससाणे की हत्या की साजिश रची। इसके लिए उन्होंने मध्य प्रदेश से दो पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस मंगवाए थे। सांगवी के एक अस्पताल के पीछे जब ये सभी आरोपी मिलने पहुंचे, तभी पुलिस ने जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
- थेरगांव कनेक्शन आया सामने
जांच के दौरान पता चला कि गिरोह के कुछ आरोपी थेरगांव निवासी साहिल बारणे के संपर्क में थे। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से करीब 50 हजार रुपये की कीमत का एक पिस्तौल बरामद हुआ। प्राथमिक पूछताछ में साहिल ने स्वीकार किया कि उसने यह पिस्तौल सांगवी मामले के आरोपियों से ही खरीदी थी। पुलिस का मानना है कि जमीन के विवाद से उपजे वैमनस्य के चलते साहिल ने यह हथियार मंगवाया था। यह भी सामने आया है कि यह पिस्तौल भी मध्य प्रदेश से ही लाई गई थी। पुलिस अब हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
थेरगांव निवासी साहिल बारणे का संबंध सांगवी हत्याकांड की साजिश में शामिल कुछ आरोपियों से पाया गया है। उसके पास से भी एक पिस्तौल बरामद हुई है। यह जांच की जा रही है कि उसने यह हथियार जमीन विवाद के चलते खरीदा या किसी अन्य उद्देश्य से।
-राजेंद्र पाटिल, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, सांगवी पुलिस स्टेशन
Created On :   8 Nov 2025 3:46 PM IST












