- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- 5 वर्षों में 33,700 करोड़ की 208...
Pune News: 5 वर्षों में 33,700 करोड़ की 208 परियोजनाओं की तैयारी

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) के क्षेत्र में उद्योग और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर लिए गए महत्त्वपूर्ण निर्णयों को तात्कालिक रूप से लागू करने के साथ-साथ उद्योगों को आने वाली बाधाओं के निराकरण के लिए पीएमआरडीए तत्पर है। पीएमआरडीए क्षेत्र में नागरिकों और उद्योगों के विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं का व्यापक नियोजन किया गया है। अगले पांच वर्षों में 208 परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, जिन पर लगभग 33,700 करोड़ रुपए का खर्च प्रस्तावित है। आगामी कुछ दिनों में ही 900 करोड़ रुपए के कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। महानगर आयुक्त डॉ. योगेश म्हसे ने इसकी जानकारी दी।
-औद्योगिक विकास के लिए उद्योगपतियों की बाधाओं का समाधान जरूरी
शुक्रवार को आकुर्डी स्थित ग.दि. माडगुलकर सभागृह में औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों की कार्यशाला में म्हसे ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए उद्योगपतियों की बाधाओं का समाधान करना आवश्यक है। पीएमआरडीए इस दिशा में तहसील कार्यालय स्तर पर त्वरित कदम उठा रहा है। उद्योजकों की समस्याओं के समाधान हेतु सहायक नगर रचनाकार और सहायक संचालक का स्वतंत्र सेल गठित किया जाएगा, जो इन प्रश्नों को प्राथमिकता से निपटाएगा। उन्होंने बताया कि तालुका कार्यालयों के अधिकारियों को अधिक अधिकार प्रदान कर बांधकाम परवानगी, फायर एनओसी और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल एवं तेज़ किया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए पीएमआरडीए हर तीन माह में एक बार औद्योगिक संघटनाओं के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करेगा। उद्योग व्यवसाय को प्रोत्साहन देने के लिए ग्रामपंचायत, नगरपालिका, एमआईडीसी और पीएमआरडीए के माध्यम से संयुक्त रूप से विकास कार्य करने पर भी सहमति व्यक्त की गई। कार्यशाला में चाकण औद्योगिक संघ के मोतीलाल सांकला, राजीव रांका, डेक्कन मेंबर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के माइकल पीटर, वेस्टर्न महाराष्ट्र एमआयडीसी चेंबर असोसिएशन फेडरेशन के अप्पासाहेब शिंदे समेत विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं रखीं। अतिरिक्त महानगर आयुक्त दीपक सिंघला, विकास अनुमति व नियोजन विभाग के संचालक अविनाश पाटिल, पीएमआरडीए के अधिकारी-कर्मचारी और अनेक औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Created On :   8 Nov 2025 4:56 PM IST












