- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- नौकरी से निकाले जाने के दुख में...
Pune City News: नौकरी से निकाले जाने के दुख में कर्मचारी ने की आत्महत्या

भास्कर न्यूज, पुणे। आंबेगांव इलाके में एक व्यक्ति ने नौकरी से निकाले जाने के बाद आत्महत्या कर ली। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने कंपनी के दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक की पहचान दीपक बोबडे (50) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दीपक बोबडे एक निजी कंपनी में काम करता था। हाल ही में कंपनी के दो अधिकारियों अजित जाधव और रविंद्र राऊत ने उसे काम से हटा दिया था। बताया गया है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद दीपक मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे और लगातार तनाव में थे। 6 अक्टूबर को वे सातारा जिले के खंडाला तहसील स्थित एक लॉज में गए, जहां उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की जानकारी के बाद उनके परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। दीपक की पत्नी स्वाती बोबडे (45) ने इस मामले में आंबेगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में स्वाती ने बताया कि उनके पति को काम से निकालने के साथ-साथ कंपनी के अधिकारियों द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर अजित जाधव और रविंद्र राऊत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
Created On :   8 Nov 2025 6:07 PM IST












