AI Summit Protest Case: IYC अध्यक्ष भानु की सुनवाई, अदालत ने सुरक्षित रखा फैसला, केस क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर, कोर्ट में क्या-क्या हुआ?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 'एआई इंपैक्ट समिट' में यूथ कांग्रेस (IYC) को प्रदर्शन करना बड़ा महंगा पड़ रहा है। दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए IYC अध्यक्ष उदय भानु चिब को आपराधिक साजिश के आरोप में अरेस्ट कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने दोनों पक्षों की बात सुन कर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। इसी के साथ यह मामला क्रांइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। चलिए जानते हैं कोर्ट में क्या-क्या हुआ?
पुलिस ने मांगी 7 दिन की कस्टडी
दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब की 7 दिन की कस्टडी मांगी। दिल्ली पुलिस ने कहा कि जो IYC के प्रेसिडेंट हैं, उन्होंने साजिश रची और प्रोटेस्ट करने वालों को लॉजिस्टिक्स दिए। दिल्ली पुलिस ने कहा कि केस की जांच के लिए सात दिन की कस्टडी की जरूरत है।
कोर्ट में पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में कहा कि प्रोटेस्ट के पीछे एक ही इरादा था। पुलिस ने कहा कि भानु मास्टरमाइंड है; दूसरों को लॉजिस्टिक्स, शायद फंड दिए गए थे। कोर्ट ने पूछा कि 7 दिन की कस्टडी क्यों चाहिए? इस पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि दूसरे आरोपी जम्मू, UP, हिमाचल प्रदेश जैसे दूसरे राज्यों में हैं, इसलिए रिमांड जरूरी है। इस पर आरोपियों के वकील ने जवाब दिया कि दंगे जैसे हालात बनाने के लिए आरोपियों ने क्या तैयारी की थी?
भानु के वकील ने क्या कहा?
सीनियर वकील संजय घोष, उदय भानु चिब की तरफ से पेश हुए। घोष ने कहा कि आरोपी इंडियन यूथ कांग्रेस का प्रेसिडेंट है। वह भागा हुआ नहीं है; वह दिल्ली में है। घोष ने कहा कि आरोपी लोग बिना हथियार के, यहां तक कि बिना लाठी के भी वहां गए थे। इस मामले को दंगे जैसी स्थिति कहना पूरी तरह से गलत है। घोष ने कहा कि जिस शहर में लोगों की हत्या हो रही है, वहां पुलिस टी-शर्ट बरामद कर रही है। यह सच में एक गिरावट है।
भानु पर कौन-कौन से आरोप लगे?
भानु पर आपराधिक साजिश और कार्यकर्ताओं को भड़काने का अरोप लगा है। पुलिस का यह भी कहना है कि पूछताछ के दौरान IYC अध्यक्ष ने सहयोग नहीं किया।
अब तक कितने लोग हुए गिरफ्तार?
जानकारी के मुताबिक, इस मामले में अब तक पुलिस ने 8 लोगों को अरेस्ट किया है। इन लोगों में अब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी शामिल हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह घटना सार्वजनिक शांति को भंग करने वाली थी। इसी से संबंधित धाराओं के तहत मामला भी दर्ज किया गया है।
कांग्रेस ने साधा पीएम मोदी पर निशाना
IYC चीफ उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी ने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर पीएम मोदी पर जोरदार निशाना साधा। कांग्रेस ने लिखा कि दिल्ली पुलिस ने IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब जी को गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी पूरी तरह से असंवैधानिक है। तानाशाह नरेंद्र मोदी की सनक का नतीजा है। देश के संविधान ने हर नागरिक को विरोध का अधिकार दिया है। नरेंद्र मोदी इस अधिकार को ही छीन लेना चाहते हैं। हम इन हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं। हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे, उनके लिए लड़ते रहेंगे। जय हिंद- जय कांग्रेस
पवन खेड़ा ने क्या कहा?
मामले पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि यह शर्म की बात है कि उन्हें किसी के शांति से प्रोटेस्ट करने से दिक्कत है। तानाशाह उन्हें जेल में डाल देगा जो उन्हें आईना दिखाएगा। क्या पुलवामा, पहलगाम अटैक, लाल किला ब्लास्ट के पीछे के सभी टेररिस्ट गिरफ्तार हो गए हैं। आप टेररिस्ट हमलों के पीछे वालों को गिरफ्तार नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन अगर कोई अपनी शर्ट उतार दे तो डर जाते हैं। यह सरकार की असलियत है।
जीतू पटवारी ने खड़े किए सवाल
गिरफ्तारी पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र (जीतू) पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र में आवाज उठाना देश की परंपरा है। डोनाल्ड ट्रंप के बयानों पर प्रधानमंत्री मोदी चुप क्यों हैं? सच देश के सामने आना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले नोटबंदी को अच्छा कहा था, GST को अच्छा कहा था।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि, यह पूरा मामला यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का है। दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं शर्टलेस विरोध प्रदर्शन किया था। प्रोटेस्ट के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की थी। IYC ने यह विरोध उस वक्त किया जब दुनिया के कोने-कोने से प्रतिनिधि भारत आए थे।
Created On :   24 Feb 2026 11:35 AM IST














