West Bengal Election 2026: EC ने जारी किया नई विधानसभा के गठन का नोटिफिकेशन, इस तारीख को होगी BJP विधायक दल की बैठक

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026चतु के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति पूरी तरह बदल गई है। बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की है, जबकि लंबे समय से सत्ता में रही ममता बनर्जी की टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई। चुनाव आयोग ने नई विधानसभा के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है और इसे राज्यपाल के पास भेज दिया गया है। इसके बाद नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। न्यूज रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि 8 मई को बीजेपी विधायक दल की बैठक हो सकती है। इसी दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता पहुंचने की भी चर्चा है।
7 मई को खत्म होगा विधानसभा कार्यकाल
पश्चिम बंगाल विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव नतीजों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली हुई है। ममता बनर्जी ने साफ कहा कि वह अभी इस्तीफा नहीं देंगी। इस बयान के बाद राज्य की राजनीति और गरमा गई है।
यह भी पढ़े -बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद पार्टी ऑफिस में खुशी का माहौल,नंदीग्राम और भवानीपुर सीट से विजय हुए अधिकारी भी हुए शामिल
9 मई को हो सकता है शपथग्रहण
कहा जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को हो सकता है। यह दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती का भी है इसलिए इसे खास माना जा रहा है। बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी संकेत दिए हैं कि शपथ ग्रहण समारोह इसी दिन आयोजित किया जा सकता है।
दूसरे राज्यों में भी सरकार गठन की तैयारी
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के साथ असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी नई विधानसभा गठन की अधिसूचना जारी की है। इसके बाद इन राज्यों में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल 10 मई, असम का 20 मई, केरल का 23 मई और पुडुचेरी का 15 जून को खत्म होगा।
Created On :   6 May 2026 11:16 AM IST












